पटना

पारस ने भंग कीं सभी कमेटियां


पटना (आससे)। लोजपा पारस गुट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पशुपति कुमार पारस ने पार्टी की सभी इकाइयों को भंग कर दिया। कहा कि नये अध्यक्ष के चुनाव के साथ केन्द्रीय कमेटी तो स्वत: भंग हो गई, राज्यों की समितियों को भी भंग कर दिया गया। तत्काल काम करने के लिए कुछ पदाधिकारियों की केन्द्रीय कमेटी बनाई गई है। एक सप्ताह में सभी कमेटियों का नये सिरे से गठन होगा।

पारस ने शनिवार को दिल्ली में प्रेस वार्ता कर जो नई कमेटी की घोषणा की उसमें आठ पदाधिकारी थे, लेकिन रात होते होते उन्होंने दो और सूची जारी कर दी। इस प्रकार पारस की नयी कमेटी में 16 पदाधिकारी हो गये। किसी भी सूची में पार्टी की टूट के साथ कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किये गये सूरजभान का नाम नहीं है। जबकि उनके भाई व सांसद चंदन को नयी कार्यकारिणी की पहली सूची में शामिल किया गया। दूसरी सूची में सूरजभान की पत्नी वीणा सिंह का भी नाम है।

प्रेसवार्ता में पारस ने बताया कि पार्टी के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर, सांसद वीणा देवी और सुनीता शर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। सांसद प्रिंस राज और चंदन सिंह के अलावा संजय सर्राफ व रामजी सिंह को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। विनोद नागर को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेवारी दी गई है। संजय सर्राफ व विनोद नागर को प्रवक्ता की जवाबदेही भी दी गई है। दूसरी सूची में वीणा सिंह और अनिल चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राकेश चौधरी, रणवीर सिंह गुहा, विरेश्वर सिंह और डॉ. उषा शर्मा को महामंत्री बनाया गया। रात को जारी तीसरी सूची में राज कुमार राज को महामंत्री और हीरा प्रसाद मिश्रा को सचिव बनाया गया है।

बाद में पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए पारस ने कहा कि रविवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जो बैठक चिराग ने बुलाई है वह असंवैधानिक है। अब कोई राष्ट्रीय कार्यकारिणी है ही नहीं। नयी कार्यकारिणी का गठन जल्द किया जाएगा। उस बैठक में भाग लेने वालों को पार्टी में जगह नहीं मिलेगी।