पटना

पटना नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म


नगर आयुक्त ने मांग पूरा करने का दिया आश्वासन

पटना (आससे)। पटना नगर निगम चतुर्थवर्गीय कर्मचारी यूनियन द्वारा हड़ताल खत्म कर दी गयी है। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा के साथ यूनियन के नेताओं के साथ वार्ता के बाद यह निर्णय लिया गया। बैठक को सफल बताते हुए यूनियन के नेताओं ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की सभी मांगों पर बिंदुवार चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन-जिन मांगों को लेकर कर्मचारी हड़ताल पर हैं उनमें से अधिकतर न्यायालय के अधीन हैं। उन्होंने अश्वसस्त किया कि जितनी भी मांगें उनके अधिकार क्षेत्र में हैं उनपर अविलंब कार्रवाई होगी।

वार्ता के बाद यूनियन की ओर से सभी सफ़ाई कर्मियों को ड्यूटी पर लौटने को कहा गया है। इनकी मांग थी कि दैनिक मजदूरों का नियमितीकरण और नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक समान काम समान वेतन या 18000 एवं 21000 प्रतिमाह वेतन के रूप में भुगतान किया जाए, यह इनकी प्रमुख मांग थी।

सफ़ाई कर्मियों के हड़ताल के कारण पटना की सूरत ही बदल गयी थी। राजधानी के विभिन्न जगहों पर कुड़े का अंबार लग  गया था। लोगों को आने जाने में भारी दिक्कतों का समाना करना पड़ता था। हड़ताली सफाई कर्मियों ने मरे हुए जानवरों को जगह-जगह फेंक दिया था। जिससे और दिक्कत हो रही थी।