पटना

पटना: महाराष्ट्र से आने वाले शत-प्रतिशत यात्रियों की होगी कोरोना जांच


बिना मास्क घूमने वाले 306 लोगों से वसूला गया जुर्माना

(आज समाचार सेवा)

पटना। महाराष्ट्र से पटना तथा दानापुर आने वाली सभी ट्रेनों के पैसेंजर की शत प्रतिशत टेस्टिंग किया जाना है। डीएम डा चंद्रशेखर सिंह ने स्टेशन पर सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की टीम के साथ पटना जंक्शन का निरीक्षण किया तथा रेलवे व प्रशासनिक अधिकारियों से विचार विमर्श किया।

उन्होंने सिविल सर्जन को पर्याप्त संख्या में काउंटर बनाने तथा रैपिड एंटीजन जांच करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने टेस्टिंग कार्य के सुचारु संचालन के लिए अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था को दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया है।

वहीं कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए मास्क जांच अभियान में बुधवार को बिना मास्क पहने 306 लोगों को पकड़ा गया जिनसे जुर्माना के रुप में 15300 रुपया वसूला गया। अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 2592 लोगों से कुल 1 लाख 29 हजार 600 रुपए की वसूली की गयी।