पटना

पटना: मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित जलपुरुष ने सीएम से की भेंट


पटना (आससे)। रमण मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध पर्यावरणविद जलपुरूष डा राजेंद्र सिंह ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट की। भेंट के दौरान भारत पुनर्निर्माण अभियान के तत्वावधान में ३० जनवरी से १२ फरवरी तक आयोजित बिहार संवाद यात्रा की शुरूआत लोक नायक जयप्रकाश नारायण की जन्मभूति सिताबदियारा से करेंगे।

डा सिंह ने बिहार में पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाये जा रहे जल-जीवन-हरियाली अभियान के बारे में मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बिहार में चलाये जा रहे इस अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जल को संरक्षित कर हरियाली को बढ़ावा देकर हमलोग आने वाली पीढ़ी की रक्षा कर सकेंगे। मुख्यमंत्री की यह सोंच काफी दूरदर्शी है।

ज्ञात हो कि १९ जनवरी २०२० को पर्यावरण संरक्षण के पक्ष में बिहार के लोगों ने मानव श्रृंखला बनायी थी, जिसमें जलपुरूष डा राजेंद्र सिंह भी शामिल हुए थे। मुख्यमंत्री ने बिहार संवाद यात्रा की सफलता की कामना करते हुए जलपुरूष डा राजेंद्र सिंह को अपनी शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के परामर्शी अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव मनीष कुमार वर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर मानव  भी उपस्थित थे।