पटना

पटना: सीएम ने दी शैवाल दा को श्रद्धांजलि


(आज समाचार सेवा)

पटना। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री, सेंटर फॉर इकोनामिक पॉलिसी एंड पब्लिक फाइनेंस के निदेशक व आद्री के सदस्य सचिव शैवाल गुप्ता के बैंक रोड स्थिति आवास पहुंच कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत आत्मा की चिर शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय शैवाल गुप्ता के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी सहित कई मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय शैवाल गुप्ता को स्वास्थ्य संबंधित कुछ समस्यायें थी, उनका इलाज चल रहा था। स्वास्थ्य संबंधित समस्यायें होते हुए भी वे अपने काम में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देते थे। यह उनकी खास बात थी।

वे हर तरह की चीजों की जानकारी रखते थे। बिहार में उन्हें विशेष जिम्मेवारी दी गयी थी। स्वर्गीय शैवाल गुप्ता राज्य इकोनामिक सर्वे तैयार करने में अहम भूमिका निभाते थे। बिहार के डेवलपमेंट के लिए जो उनका आइडिया था, वह बहुत अच्छा था। स्वर्गीय शैवाल गुप्ता से हमारा संबंध बहुत पहले का है। बहुत जमाने से ही उनसे मेरा प्व्यक्तिगत तौर पर संबंध रहा है। जिस प्रकार से तबियत खराब होने पर भी वे काम करते रहे थे वह उनकी बड़ी खास बात थी। मुझे कल पता चला कि कुछ दिनों से उनकी तबियत काफी खराब चल रही है, मुझे लगा कि स्वर्गीय शैवाल गुप्ता ठीक हो जायेंगे।

पारस अस्पताल के चिकित्सकों से भी मेरी बातचीत हुई, स्वर्गीय शैवाल गुप्ता के बच्ची से भी मेरी बात हुई। लेकिन कल शाम सात बजे के बाद उनकी मृत्यु हो गयी। हमलोगों को काफी दुख पहुंचा। उनकी कमी हमेशा खलेगी। हर क्षेत्र में उनकी गतिविधियां थी। बिहार के बारे में हो या देश के बारे में हो या देश के बाहर के बारे में हो, वे आर्थि मामलो के साथ-साथ अन्य मुद्दो पर हर तरह की जानकारी रखते थै। सभी चीजों पर उनका एक अलग दृष्टिकोण रहता था।

आर्थिक मामलों के साथ-साथ अन्य मुद्दो पर भी वे आर्टिकल लिखते रहते थे। हमलोगों के साथ उनकी हमेशा बातचीत होती रहती थी। वे एक विद्वान एवं सक्रिय व्यक्ति थे। उनके निधन से हमलोग काफी तकलीफ में हैं। उनके प्रति हमलोग अपनी संवेदना प्रकट करते हैं। उन्हें सदैव याद रखा जायेगा।