पटना

बिहार में लागू हो मंडी सिस्टम: तेजस्वी


(आज समाचार सेवा)

पटना। 30 जनवरी को आयोजित मानव श्रृंखला को सफल बनाने के लिए महागठबंधन के शीर्ष नेताओं की बैठक पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर आयोजित की गयी। बैठक में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मानव श्रृंखला में शामिल होने के लिए बिहार के लोगों का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग इसे सफल बनाएंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में भी जल्द से जल्द बाजार समिति और मंडी की व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि बिहार के किसान भी उसी धारा में आएंगे जिस तरीके से हरियाणा, पंजाब व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान इस आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। तेजस्वी ने बिहार की नीतीश सरकार को भी कठघरे में खड़ा करने की कोशिश की और कहा कि आधी कीमतों पर फसलों की खरीद हो रही है। डीजल का दाम बढ़ाया जा रहा है और मुआवजा नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आखिर किसान जाएगा तो कहां जाएगा। क्या करेगा किसान इसलिए हमलोगों का दायित्व बनता है कि किसानों का साथ दें और उनकी आवाज बनें।

तेजस्वी ने कहा कि हमको तो नहीं लगता कि सीएम नीतीश की कोई विचारधारा भी है। उन्होंने कहा कि जिनकी कोई नीति नहीं कोई सिद्धांत नहीं उनपर क्या कहा जा सकता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर को खत्म किया जा रहा है उसको बंद कराया जा रहा है लेकिन नीतीश जी ने एक भी शब्द नहीं कहा और न ही कोई ट्वीट किया।