पटना

पटना: वरीय अधिकरियों की बैठक में बोले वि.स. अध्यक्ष- विधायकों से सम्मान के साथ पेश आयें अधिकारी


प्रश्नों का जवाब ससमय विधानसभा सचिवालय को करायें उपलब्ध

(आज समाचार सेवा)

पटना। विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि सरकार के अधिकारी विधायकों के साथ सम्मान के साथ पेश आयें। सदस्यों द्वारा सदन में पूछे जाने वाले सवालों को जवाब ससमय विधानसभा सचिवालय को उपलब्ध करायें। विधानसभा अध्यक्ष मंगलवार को वरीय अधिकारियों की बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। जनता द्वारा चुने गये प्रतिनिधि और इस मंदिर के सेवक तथा सदस्यों को संसदीय दायित्वों के निर्वहन के क्रम में जनहित एवं लोक कल्याणकारी कार्यों के लिए अधिकारियों से बात करना पड़ता है। मिलना भी पड़ता है। इनके साथ कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए और हर हाल में सरकारी पदाधिकारी चाहे वह सचिवालय स्तर के हों या फिर जिला, अनुमंडल व प्रखंड स्तर के हों उन्हें सदस्यों से प्रोटोकाल का पालन करते हुए उनके साथ सौजन्यता से प्रदर्शित करें।

सदस्य अगर फोन करते हैं तो उनसे अवश्य बात करें। सदस्यों के प्रति गैर जिम्मेदाराना व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। ऐसे मामलों को विशेषाधिकार हनन के रुप में उठाये जाने पर इसकी गहन समीक्षा की जायेगी। उन्होंने मुख्य सचिव दीपक कुमार को कहा कि वे इसके संबंध में सभी पदाधिकारियों को पत्र के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दें।

विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा भवन के शताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री सह सदन नेता नीतीश कुमार ने कहा था कि सदन में प्रश्नोत्तर काल जनहित और सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए गंभीर हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए गंभीर हैं। अधिकारियों को भी प्रश्न एवं उत्तर के लिए गंभीर और जिम्मेदार होना चाहिए।

उन्होने कहा कि सत्र के दौरान सदस्यों द्वारा पूछे जाने वाले सबालों का जवाब तय समय में विधानसभा  सचिवालय को मिलना चाहिए। इससे सदन में विमर्श की सार्थकता बढ़ेगी। नोडल पदाधिकारियों से भी सकारात्मक कार्य करने का निर्देश दिया। सदन का शुभारंभ १९ फरवरी से हो रहा है। राज्यपाल का अभिभाषण उसी दिन पूर्वाह्न ११ बजे सेंट्रल हॉल में होगा।

बैठक में विधानसभाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा के अलावा विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह, संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा सचिव राजकुमार सिंह, विधान परिषद के कार्यकारी सचिव विनोद कुमार सिंह, मुख्य सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव गृह आमिर सुबहानी, अपर मुख्य सचिव संसदीय कार्य ब्रजेश मेहरोत्रा डीजीपर एसके सिंघल, श्रमायुक्त सुश्री रंजीता, डीएम डा चंदेशेखर सिंह, एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा, एसपी ट्रैफिक डी अमरकेश समेत कई अधिकारी मौजूद थे।