पटना

पटना समेत 31 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट


पटना (आससे)। पटना सहित उत्तर व दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों में रविवार को भी आंधी-पानी की स्थिति बनी रहेगी। उत्तर बिहार में 40 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। दक्षिण बिहार में आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रतिघंटे तक रह सकती है। मौसम की स्थिति को देखते हुए उत्तर बिहार के नौ जिलों के लिए मौसम विभाग ने 24 घंटे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया औैर किशनगंज में बिजली के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है। जबकि उत्तर बिहार के शेष जिलों और दक्षिण-पश्चिमी बिहार को छोडक़र अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट रहेगा। यहां ओला गिरने, आंधी और अधिक बारिश की के आसार हैं।

मौसमविदों के अनुसार उत्तर बिहार में चार मई तक आंधी-पानी की स्थिति बनी रहेगी। दक्षिण बिहार में एक व दो मई को आंधी-पानी की स्थिति के बाद पारा फिर ऊपर चढ़ सकता है। दक्षिण-पश्चिम के तीन जिलों को छोडक़र राज्य के अधिकतर हिस्सों में पुरवा बह रही है। उल्लेखनीय है कि आंधी की गति और अधिक बारिश की संभावना पर ऑरेंज अलर्ट जारी होता है।

पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश किशनगंज के ठाकुरगंज में 56.2 मिमी, किशनगंज शहर में 39.8 मिमी, तैयबपुर में 39 मिमी, पूर्णिया के रुपौली में 38.2 मिमी, पूर्णिया शहर में 33.4 मिमी, पूर्णिया के ही ढेंगराघाट में 28.2 मिमी बारिश हुई। कटिहार के बरारी में 25.4 मिमी बारिश हुई। किशनगंज के बहादुरगंज में 25, मधुबनी के झंझारपुर में 23.5, पूर्णिया के अमौर में 21.8 और सीतामढ़ी के सोनबरसा में 21.2 मिमी बारिश हुई।

पटना सहित राज्यभर के शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पटना का अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री तक गिरा। शनिवार को दिनभर राजधानी का मौसम सुहावना बना रहा। शुक्रवार की रात और शनिवार को दिन में धूल भरी आंधी की स्थिति बनी। दो दिन यहां आंधी-पानी के आसार है। पिछले 24 घंटे में भागलपुर में 3.6, पूर्णिया में पांच, अररिया में 6.9, फारबिसगंज में 8.6, पश्चिम चंपारण में 4.8 डिग्री तापमान नीचे आया है। वैशाली में 4.5, बांका में 6.3, नवादा में तीन, सीतामढ़ी में 8.5 डिग्री तक पारे में गिरावट आई है। बक्सर में 6.5 डिग्री पारा नीचे गिरा। पटना में तीन दिन में पारा छह डिग्री तक गिरा है।

गया, रोहतास और औरंगाबाद में पछुआ के प्रभाव से पारा 40 के पार बना हुआ है। रोहतास राज्यभर में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री दर्ज किया गया। औरंगाबाद में 41.4 व गया में 41.4 डिग्री पारा रहा रहा। सारण में भी तापमान 39.7 डिग्री दर्ज किया गया। इन जिलों में गर्मी की स्थिति रविवार को भी बनी रहेगी।