पटना

बिहारशरीफ: बड़ी पहाड़ी अवैध शराब कांड में संलिप्त 18 लोगों का घर तोड़ा जायेगा


      • 07 फरवरी को ऐसे घरों में निर्गत होगा नोटिस
      • पहले चरण में प्रशासन द्वारा 1200 लोगों को नोटिस चिपकाकर मांगा गया वैध कागज लेकिन नहीं हुआ कोई उपस्थित

बिहारशरीफ। बड़ी पहाड़ी जहरीली शराब कांड में जिला प्रशासन द्वारा 1200 से अधिक लोगों के घरों में नोटिस चस्पाया गया था। साथ ही नोटिस में कहा गया था कि वैध कागजात दिखाये वरना घर खाली करना होगा। बिहारशरीफ के अंचलाधिकारी द्वारा इस नोटिस के आलोक में कागजात दिखाने की दो तिथियां गुजर गयी, लेकिन एक भी व्यक्ति नहीं पहुंचा। हालांकि अंचलाधिकारी के न्यायालय में इसके लिए 07 फरवरी को अगली तिथि तय की है। अब तो समय ही बतायेगा कि अगली तिथि में कितने लोग पहुंच पाते है। इसके पूर्व 02 और 04 फरवरी को कागजात दिखाने का समय निर्धारित किया गया था।

बताते चले कि हिरण्य पर्वत के मंसूर नगर, पहड़तल्ली, बड़ी पहाड़ी, छोटी पहाड़ी इलाके के लोगों के घरों में नोटिस चस्पाया गया था। अवैध शराब में कई लोगों की मौत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आयी थी और गैरकानूनी रूप से मकान बनाकर रह रहे लोग को नोटिस निर्गत किया था। नोटिस निर्गत करने की मुख्य वजह यह थी कि अवैध निर्माण कर रह रहे लोगों में से ही कुछ लोग अवैध शराब का निर्माण और व्यापार कर रहे थे। इसी को लेकर जिला प्रशासन गंभीर थी। हालांकि नोटिस निर्गत सभी लोगों को किया गया था, जिस पर जबरदस्त राजनीतिक बवाल हुआ था। बाद में जिला प्रशासन ने सफाई दी थी कि गैर कानूनी काम करने वाले लोगों का ही मकान ध्वस्त किया जायेगा। अन्य लोगों को परेशानी नहीं होगी।

अंचलाधिकारी की मानें तो अवैध शराब के धंधे में संलिप्त जिन 18 लोगों पर मुकदमा किया गया है उन सभी के घरों को तोड़ा जायेगा। ऐसे लोगों के घरों पर 07 फरवरी को नोटिस चिपकाया जायेगा। बताया जाता है कि ये सभी घर सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना है। प्रशासन के इस निर्णय के बाद वैसे लोगों को थोड़ी राहत जरूर हुई है, जो इस अवैध कारोबार में तो नहीं थे लेकिन पहाड़ तथा पहड़तल्ली में सरकारी जमीन पर घर बनाकर रह रहे थे।