News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार राष्ट्रीय

पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा, सीट नहीं मिलने से हो गए नाराज


 पटना। पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। एनडीए में सीट बंटवारे के बाद से वह नाराज चल रहे थे। अब माना जा रहा है कि वह महागठबंधन में शामिल हो सकते हैं।

 

सोमवार को दिल्ली में राजग (NDA Seat)  द्वारा बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे की घोषणा के बाद पारस ने अपने सरकारी आवास पर पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की। इसमें राजग से नाता तोड़ कर महागठबंधन में शामिल होने का फैसला लिया गया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह बात सामने नहीं आई है।

इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत के क्रम में पशुपति पारस ने कहा कि सोमवार को एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया। मैंने पांच-छह दिन पहले कहा था कि मैं तब तक इंतजार करूंगा जब तक एनडीए की सीटों की घोषणा आधिकारिक तौर पर ना हो जाए।

ईमानदारी से एनडीए की सेवा की- पशुपति पारस

पशुपति ने आगे कहा कि उन्होंने ईमानदारी से एनडीए की सेवा की, आज भी वह पीएम मोदी के शुक्रगुजार हैं, लेकिन हमारी पार्टी और व्यक्तिगत रूप से हमारे साथ नाइंसाफी हुई। उन्होंने कह कि इसलिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है।

गौरतलब है कि चिराग पासवान की पार्टी लोजपा रामविलास को एनडीए में पांच सीटें मिली हैं। वहीं, पशुपति की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। इस वजह से पशुपति पारस नाराज चल रहे थे। इसके बाद उन्होंने अब यह कदम उठाया है।