Latest News नयी दिल्ली राष्ट्रीय

पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी, देश के सड़क व हवाई संपर्क से कटा कश्मीर, भूस्खलन से सैकड़ों वाहन फंसे


 

नई दिल्ली, जेएनएन। पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में बुधवार को जमकर बर्फबारी हुई। इससे जनजीवन बुरी तरफ प्रभावित हुआ। जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर रामबन जिले में भूस्खलन और श्रीनगर हवाई अड्डे से सभी 41 उड़ानें रद होने से कश्मीर का शेष देश से सड़क व हवाई संपर्क कट गया है। हाइवे बंद होने से जगह-जगह सैकड़ों वाहनों को रोक लिया गया। उत्तराखंड में भी यातायात प्रभावित हुआ है।

 

श्रीनगर एयरपोर्ट पर डेढ़ फीट बर्फ

श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक से डेढ़ फीट बर्फ जमा हो गई थी और दिन में दृश्यता मात्र 400 मीटर रह गई थी। भारी बर्फबारी के कारण बनिहाल से काजीकुंड के बीच रेल सेवा भी प्रभावित रही। बर्फबारी से बिजली ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंचा है। कश्मीर में 65 प्रतिशत इलाकों में बिजली गुल हो गई। देर शाम तक बिजलीकर्मी मरम्मत कार्य में जुटे थे। कटड़ा में बारिश की वजह से माता वैष्णो देवी में हेलीकाप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा और पैसेंजर केबल कार सेवा बाधित रही।

आज हटाया जाएगा हाइवे से मलवा

जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर मंगलवार रात से बारिश व बर्फबारी की वजह से जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। रामबन जिले के कैफेटेरिया मोड़, मरोग और पंतिहाल में चट्टानें खिसकर कर सड़क पर आ गई हैं, जिससे बुधवार तड़के चार बजे से हाइवे बंद था। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को मौसम साफ रहेगा। ऐसे में गुरुवार को हाइवे से मलवा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। लोगों को परेशानी न हो, इसीलिए गुरुवार को भी एहतियातन जम्मू-श्रीनगर हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखा जाएगा।

 

हिमाचल: नारकंडा व लाहुल में हिमस्खलन

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को पांगी में डेढ़ फीट, कोकसर व सिस्सु में एक फीट, रोहतांग में सात इंच और काजा में सात इंच हिमपात हुआ। बर्फबारी व वर्षा के कारण प्रदेश में करीब दो सौ सड़कें बंद रहीं। 447 ट्रांसफार्मर व 14 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। शिमला जिले के नारकंडा में हिमस्खलन की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। लाहुल-स्पीति जिले के उदयपुर गांव के सामने वाली पहाड़ी से हिमस्खलन होने से चंद्रभागा नदी का बहाव आधा घंटा रुका रहा।