Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

पाकिस्तान में बाढ़ में बहे 50 घर और पावर स्टेशन, बड़े पैमाने पर तबाही


इस्लामाबाद। पाकिस्तान में वर्षा और बाढ़ के चलते भारी नुकसान की खबर है। ऊपरी कोहिस्तान में मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ में 50 घर और मिनी पावर स्टेशन बह गए। डान समाचार पत्र ने प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) के हवाले से बताया कि कोहिस्तान के कंडिया तहसील में भारी बारिश की वजह से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। इसके चलते बड़े पैमाने पर तबाही हुई। हालांकि हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।

जबकि स्थानीय लोगों ने बाढ़ के पानी में करीब 100 घरों के बहने का दावा किया है। इससे बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। पीडीएमए ने बताया कि चित्राल और पेशावर में भी भारी बारिश के चलते बाढ़ जैसी स्थिति है। यहां पिछले 24 घंटे के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए।

पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की स्थिति बनी हुई। कराची और पेशावर मे भीषण बारिश का प्रकोप रविवार को देखा गया। अचानक आई बाढ़ से देश में दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए हैं। पाकिस्तानी अखबार डान अखबार के अनुसार, पाकिस्तानी पुलिस सर्जन डा सुमैया सैयद ने बताया कि एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, कराची के ली मार्केट से मेमन मस्जिद के पास सिविल अस्पताल लाया गया था। हालांकि उन्होंने कहा कि मौत का कारण बिजली का करंट था।

पाकिस्तान आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (पीडीएमए) ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पेशावर में भारी बारिश के कारण कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हुए हैं। वहीं इस बीच, भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ऊपरी कोहिस्तान की कांदिया तहसील में रविवार को भारी तबाही मचाई, जिसमें कम से कम 50 घर और मिनी बिजली स्टेशन बह गए।