News अन्तर्राष्ट्रीय

पाक पीएम इमरान खान ने तालिबान का किया स्वागत,


  • तालिबान ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति भवन पर कब्जा कर लिया है। तालिबान लड़ाके का एक बड़ा समूह राजधानी काबुल में स्थित राष्ट्रपति भवन के भीतर घुस गया है। यानी अब अफगानिस्तान पर तालिबान राज हो गया है। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी रविवार को देश छोड़कर चले गए। 20 साल की लंबी लड़ाई के बाद अमेरिकी सेना के अफगानिस्तान से निकलने के कुछ ही दिनों के भीतर करीब पूरे देश पर फिर से तालिबान का कब्जा हो गया है। अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने तालिबान का स्वागत किया। और उन्होंने कहा कि तालिबान ने मानसिक गुलामी को तोड़ा।

रविवार की शुरुआत तालिबान द्वारा पास के जलालाबाद शहर पर कब्जा करने के साथ हुई। जो राजधानी के अलावा वह आखिरी प्रमुख शहर था जो उनके हाथ में नहीं था। अफगान अधिकारियों ने कहा कि आतंकवादियों ने मैदान वर्दक, खोस्त, कपिसा और परवान प्रांतों की राजधानियों के साथ-साथ देश की सरकार के कब्जे वाली आखिरी सीमा पर भी कब्जा कर लिया। बाद में बगराम हवाई ठिकाने पर तैनात सुरक्षा बलों ने तालिबान के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। वहां एक जेल में करीब 5,000 कैदी बंद हैं। बगराम के जिला प्रमुख दरवेश रऊफी ने कहा कि इस आत्मसमर्पण से एक समय का अमेरिकी ठिकाना तालिबान लड़ाकों के हाथों में चला गया। जेल में तालिबान और इस्लामिक स्टेट समूह, दोनों के लड़ाके हैं।

उधर अफगानिस्तान के लोग तालिबान के भय से देश छोड़कर जाना चाहते हैं कि तालिबान उस क्रूर शासन को फिर से लागू कर सकता है जिसमें महिलाओं के अधिकार खत्म हो जाएंगे। नागरिक अपने जीवन भर की बचत को निकालने के लिए कैश मशीनों के बाहर खड़े हो गए। वहीं काबुल में अधिक सुरक्षित माहौल के लिए देश के ग्रामीण क्षेत्रों में अपने घरों को छोड़कर आये हजारों की संख्या में आम लोग पूरे शहर में उद्यानों और खुले स्थानों में शरण लिये हुए दिखे।