पटना

पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के कर्मचारी कलमबंद हड़ताल पर


पटना और नालंदा के 28 कॉलेजों में काम-काज पर असर

(आज शिक्षा प्रतिनिधि)

पटना। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारी गुरुवार को दो दिन की कलमबंद हड़ताल पर चले गये। इससे पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित विश्वविद्यालय के कार्यक्षेत्र में आने वाले पटना एवं नालंदा जिले 25 अंगीभूत एवं तीन अल्पसंख्यक कॉलेजों के काम-काज पर असर है।

शिक्षकेतर कर्मचारियों की दो दिवसीय कलमबंद हड़ताल का आह्वान पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ ने ग्यारह सूत्री मांग को लेकर किया है। तकरीबन बारह सौ शिक्षकेतर कर्मचारियों की कलमबंद हड़ताल का असर परीक्षा संचालन संबंधी कार्यों पर भी पड़ा। राजधानी के कॉलेज ऑफ कॉमर्स, श्रीअरबिंद महिला कॉलेज, जे. डी. वीमेंस कॉलेज, बी. डी. कॉलेज एवं बी. एस. कॉलेज सहित अन्य कॉलेजों में भी कलमबंद हड़ताल का असर दिखा।

कलमबंद हड़ताल को सफल बनाने के लिए शिक्षकेतर कर्मचारियों के नेताओं के एक दल कॉलेजों का दौरा किया। दल में शामिल शिक्षकेतर कर्मचारी नेताओं में बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के उपाध्यक्ष वेंकटेश कुमार, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष दीपक कुमार सहित विनोद कुमार, मृत्युंजय कुमार, मंगल मूर्ति, अभिमन्यु कुमार सिंह, दिलीप कुमार, देवेंद्र सिंह, राजीव नयन शामिल थे।

कलमबंद हड़ताल में शामिल शिक्षकेतर कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों की पूर्ति अविलंब नहीं हुई, तो आंदोलन तेज होगा।