Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन की चपेट में आकर जिंदा दफन हुए 2000 लोग, पहाड़ी इलाकों में अभी भी हो रही बारिश


मेलबर्न। Papua New Guinea Landslide: पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन से 2 हजार से अधिक लोग दब गए हैं। इसकी जानकारी सरकार के हवाले से सामने आई है। सरकार ने आपदा से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय मदद मांगी है।

 

वहीं, घटना के कारण हताहतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शुरुआत में कहा गया था कि करीब 100 लोग मारे गए हैं। आस्ट्रेलिया पापुआ न्यू गिनी की मदद के लिए विमान और अन्य उपकरण भेजने की तैयारी कर रहा है।

दक्षिण प्रशांत राष्ट्र के पहाड़ी इलाकों में रात भर हुई बारिश से यह आशंका पैदा हो गई है कि जिस मलबे में सैकड़ों ग्रामीण दबे हैं, वह खतरनाक रूप से अस्थिर हो सकता है।

आस्ट्रेलियाई रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस ने कहा कि उनके अधिकारी शुक्रवार से पापुआ न्यू गिनी समकक्षों के साथ बात कर रहे हैं, जब एंगा प्रांत के यमबली गांव पर एक पहाड़ी ढह गई थी। अब तक केवल छह लोगों के शव निकाले जाने की सूचना है।

पापुआ न्यू गिनी आस्ट्रेलिया का निकटतम पड़ोसी है और क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव का मुकाबला करने के लिए आस्ट्रेलियाई प्रयास के तहत ये देश घनिष्ठ रक्षा संबंध विकसित कर रहे हैं।

तबाह हुए गांव से 60 किलोमीटर दूर वाबाग में रात भर दो घंटे तक भारी बारिश हुई। हालांकि, भूस्खलन वाले यमबली से रिपोर्ट तुरंत उपलब्ध नहीं हो पाई है। चिंता की बात यह है कि वहां भूस्खलन अब भी जारी है और चट्टानें गिर रही हैं।