पटना

पिंक परेड का आयोजन- कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा: अशोक


पटना (आससे)। ब्रेस्ट कैंसर, सर्विकल कैंसर जागरूकता अभियान रविवार को साइंस कॉलेज के मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम सामाजिक संस्था गुलमोहर मैत्री की पिंक परेड २.० की ओर से किया जायेगा। कार्यक्रम में राज्य के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर, पद्मश्री सुधा वर्गीज, विमल जैन, एनसीसी के एडीजी एम.इंद्रबालन और साइंस कॉलेज के प्राचार्य डा.श्रीराम पदमदेव आदि लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि स्त्री विमर्श पर बड़े-बड़े व्याख्यान होते है, लेकिन सही मायने में ऐसे कार्यक्रम नारी सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। जागरूकता कार्यक्रम से ही हम महिलाओं में सुरक्षा की भावना को जागृत कर सकते है। ये कार्यक्रम बहुत ही सराहनीय पहल है। ऐसे कार्यक्रम होते रहना चाहिए, ताकि इसके प्रति लोग जागरूक हो सके।

विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि त्याग और दया की प्रतिमूर्ति हमारे समाज की महिलाएं को सुरक्षित करने के लिए ऐसे जन-जागरूक करने वाले कार्यक्रम सराहनीय है।

पिंक परेड में कुल १८ यूनिट शामिल हुए। इसका नेतृत्व बीएमपी के म्यूजिकल बैंड ने किया। एनसीसी व एनएसएस के अलावा पटना साइंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, स्कॉट गाइड, बी एन कॉलेज, मगध महिला कॉलेज, रेनबो होम, अंशुल क्रिकेट एकेडमी सहित अन्य सामाजिक संगठन के कुल ११०० लोग शामिल हुए। आगत अतिथियों का स्वागत गुलमोहर मैत्री की सचिव मंजू सिन्हा ने की। वहीं कार्यक्रम का संचालन सोमा चक्रवर्ती एवं धन्यवाद ज्ञापन राजा रवि ने किया।