News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय लखनऊ

पुंछ में बड़ा हादसा, बस खाई में गिरने से 12 लोगों की मौत, राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने भी जताया दुख


पुंछ, जिला पुंछ में आज सुबह हुई सड़क दुर्घटना में करीब 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों का इलाज जिला पुंछ अस्पताल में चल रहा है। जम्मू संभाग के जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा से सटे सब्जियां इलाके में आज सुबह एक बस JK12-1419 खाई में लुढ़क गई। हादसे के तुरंत बाद ही सेना, पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य चलाया गया। बताया जा रहा है कि 9 लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल लोगों ने अस्पताल या फिर रास्ते में ही दम तोड़ दिया। करीब 23 लोग अभी घायल बताए जा रहे हैं। इनमें गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को हेलीकाप्टर की मदद से जीएमसी जम्मू लाया गया है। फिलहाल यहां उनका इलाज चल रहा है।

घटनास्थल पर मरने वालों में मरूफ अहमद (14), बशीर अहमद (40), रोजसिया अख्तर (18), जरीना बेगम (40), मोहम्मद हसन (65), नाजिमा अख्तर (20), इमरान अहमद (5), अब्दुल करीम (70) और अब्दुल कयूम (40) शामिल हैं।  ये सभी स्थानीय बताए जा रहे हैं। अन्यों की पहचान की जा रही है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए लिखा कि पुंछ के साब्जियां में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी जब पुंछ सड़क हादसे की जानकारी मिली तो उन्होंने भी हाइसे में जान गंवाने वाले लोगों की मौत पर दुख प्रकट किया। उन्होंने अपने बयान में कहा कि पुंछ में हुए हादसे में लोगों की मौत दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये जबकि घायलों को 50,000 रुपये देने की घोषणा की।

वहीं, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुंछ सड़क हादसे पर अपना गहरा दुख जाहिर करते हुए मृतकों के परिजनों को राहत राशि के तौर पर पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। उन्होंने पुंछ के साब्जियां में हुई इस सड़क दुर्घटना में घायल हुए अन्य यात्रियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। अपने अपने ट्विटर हैंडल पर इस दुर्घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि मैं पुंछ के साब्जियां में घटित सड़क दुर्घटना में हुई मौतों से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। इसी के साथ उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

पुलिस ने बताया कि पुंछ के साब्जियां इलाके से गुजर रही बस जब एक तीखे मोड़ पर पहुंची तो चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधा खाई में लुढ़क गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस व बचाव दल के कर्मी वहां पहुंच गए। खाई में उतरने के बाद उन्होंने घायलों को बस से निकाला और मुख्य सड़क से एम्बुलेंस व अन्य वाहनों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि 12 लोगों की अब तक मौत हो गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं दो युवा भी शामिल हैं। अभी भी 23 लोग घायल हैं जिनमें आठ लोगों की हालत गंभी बताई जा रही है।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बस ओवरलोडिड थी। बस में 29 यात्रियों को बैठने की क्षमता थी जबकि चालक ने गाड़ी में 35 से अधिक लोग बैठा रखे थे। यही वजह है कि दुर्घटना में इतने लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उन्होंने अधिकारिक तौर पर हादसे से संबंधित कोई बयान जारी नहीं किया है।