News TOP STORIES नयी दिल्ली

पुंछ में सुरक्षाबलों ने बड़ी आतंकी साजिश को किया नाकाम, 19 हथगोले बरामद


 जम्मू। पुंछ जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम किया है। आतंकियों के ठिकाने से 19 हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। ठिकाने के इस भंडाफोड़ ने सुरक्षाबलों पर हमले की एक बड़ी साजिश को टाल दिया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 144-ए पर आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर हमले की साजिश रची थी। इसकी भनक लगते ही सुरक्षाबलों की टीम ने संयुक्त अभियान शुरू किया। इसी दौरान फागला क्षेत्र में आतंकी ठिकाना मिला। जहां से ग्रेनेड की बड़ी खेप बरामद हुई है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, सेना व पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि आतंकवादियों ने सुरनकोट तहसील के फागला गांव के जंगल में अपना ठिकाना बना रखा है। सूचना मिलते ही सेना व पुलिस के जवानों ने अपना संयुक्त तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों के जवानों ने आतंकवादियों द्वारा बनाए गए ठिकाने को ध्वस्त करके 19 ग्रेनेड बरामद किए।