News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

Kerala : कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भाजपा व माकपा पर उठाए सवाल, बोले- भारत जोड़ो यात्रा से घबराए हुए हैं


कोच्चि, कांग्रेस पार्टी ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पर आरएसएस प्रमुख मोहन भगवंत से मुलाकात करने को लेकर हमला बोला। कांग्रेस ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान पर सवाल उठाए। AICC महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ, जब किसी राज्य के राज्यपाल ने किसी संगठन के मुखिया से मुलाकात की हो।

जयराम रमेश ने RSS पर उठाए सवाल

जयराम रमेश ने कहा कि आरएसएस एक ऐसा संगठन है, जिसने स्वतंत्रता के दशकों बाद तक भारतीय राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया था। उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के बीच चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विवाद को भारत जोड़ो यात्रा से ध्यान हटाने के मकसद से बेवजह तूल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल और केरल सरकार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

कांग्रेस को केरल में कमजोर करना चाहती है CPI(M)

जयराम रमेश ने आगे कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा और केरल सरकार कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर जनता की प्रतिक्रिया से घबरा गई है, इसी वजह से दोनों दल परेशान और चिंतित हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्यपाल और केरल के मुख्यमंत्री के बीच की लड़ाई मनगढ़ंत है। जिसका मकसद भारत जोड़ो यात्रा से ध्यान हटाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि CPI(M) का उद्देश्य राज्य में भाजपा को मजबूत करना है, जैसे उन्होंने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को मजबूत किया था। ताकि कांग्रेस कमजोर हो सके।

राज्यपाल का पद संवैधानिक है- जयराम रमेश

जयराम रमेश ने कहा कि राज्यपाल का पद एक संवैधानिक पद है, लेकिन इसे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के अधीन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी राज्य का राज्यपाल कहीं जाता है और किसी संगठन या उसके प्रमुख से मिलता हो। उन्होंने आगे कहा कि गुलाम नबी आजाद जैसे लोग व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए पार्टी को धोखा देते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे कांग्रेस छोड़ने वालों की चिंता नहीं है। उनके जाने से ही पार्टी मजबूत होती है।