News TOP STORIES नयी दिल्ली

पुडुचेरी में राहुल गांधी बोले- किसान देश की रीढ़, सरकार ने उनके खिलाफ पास किए 3 कृषि बिल


कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज पुदुचेरी के दौरे पर हैं। पुदुचेरी एयरपोर्ट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का सीएम वी नारायणसामी और पार्टी नेताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया है। पुदुचेरी में राहुल गांधी ने मछुआरा समुदाय के लोगों के साथ बातचीत की। इस दौरान राहुल गांधी ने कृषि कानूनों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साथा है।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मछुआरों से बातचीत के दौरान कहा कि सरकार ने किसानों के खिलाफ 3 कृषि बिल पास किए हैं जिससे किसान काफी परेशान हो रहे हैं।

सभी जानते हैं कि किसान देश की रीढ़ हैं। अब आप सोच रहे होंगे मैं आपसे ये बाते क्यों कर रहा हूं? क्योंकि मैं आपको समुद्र का किसान मानता हूं। अगर दिल्ली में किसानों की जमीन का मंत्रालय हो सकता है, तो समुद्र के किसानों के पास ऐसा क्यों नहीं है। राहुल ने मछुआरों के लिए बीमा, पेंशन समेत कई सुविधाएं देने की मांग की है।

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार छोटे और मध्यम व्यवसायों पर हमला कर रही है। क्योंकि वे चाहते हैं कि सभी व्यवसाय बड़े निगमों (corporations) द्वारा नियंत्रित हों। लेकिन हमारा नजरिया अलग है। हम छोटे और मध्यम व्यवसायों को मजबूत करना चाहते हैं, क्योंकि हमारा मानना है कि यह इस देश की ताकत है।