News TOP STORIES उत्तराखण्ड राष्ट्रीय

पुष्कर सिंह धामी होंगे उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री, विधायक दल की बैठक में लगी मुहर


उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे। भाजपा विधायक दल ने राज्य के ग्यारहवें मुख्यमंत्री के रूप में धामी को चुना। तीरथ सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद धामी को चुना गया है। धामी को केद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का करीबी माना जाता है।

देहरादून स्थित भाजपा मुख्यालय में 57 विधायकों की बैठक में धामी के नाम पर मुहर लगाई गई। 45 वर्षीय धामी दो बार विधायक रह चुके हैं। खटीमा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। धामी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी के विशेष अधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

धामी ने कहा कि मेरी पार्टी ने पिथौरागढ़ में पैदा हुए एक भूतपूर्व सैनिक के बेटे और एक आम कार्यकर्ता को राज्य की सेवा के लिए नियुक्त किया है। हम लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करेंगे। हम कम समय में दूसरों की मदद से लोगों की सेवा करने की चुनौती को स्वीकार करते हैं।

बैठक में विधायकों के साथ राजधानी देहरादून पहुंचे भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम भी शामिल हुए। बैठक से पहले तोमर ने कई नेताओं से चर्चा की । बता दें कि उत्तराखंड में एक साल से भी कम समय में अगला विधानसभा चुनाव होना है।

इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने राज्यपाल बेबी रानी मौर्या को अपना इस्तीफा सौंपा था। साथ ही मौका देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार जताया है। इस्तीफे के लिए उन्होंने संवैधानिक संकट को कारण बताया था।