पटना

खगड़िया: उत्साहवर्धक रहा शुक्रवार को कोविड टीकाकरण का विशेष महा अभियान


      • 10200 लोगों ने लिया ठीके का डोज
      • सफलता को लेकर शहर से नदी पार तक भ्रमणरत रही जिला प्रशासन की टीम

खगड़िया (आससे)। जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से  शुक्रवार को नगर परिषद खगड़िया के सभी वार्डों, मानसी प्रखंड के सभी पंचायतों एवं अलौली प्रखंड के 4 बाढ़ प्रभावित पंचायतों में टीकाकरण का महा अभियान में  पूरे उत्साह के साथ 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों ने  कोविड का टीका लिया।

नगर परिषद खगड़िया और परबत्ता प्रखंड में कोविड महामारी के पहले और दूसरे चरण में संक्रमण के ज्यादा मामले पाए गए थे, इसी के मद्देनजर दोनों क्षेत्रों को चयनित करते हुए  कोविड टीकाकरण का महा अभियान चलाया गया। ताकि इन क्षेत्रों को शत प्रतिशत टीकाकृत किया जा सके। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित पंचायतों को भी प्राथमिकता के आधार पर शत प्रतिशत टीकाकृत करने का निर्देश बिहार सरकार द्वारा पूर्व में ही दिया गया था।

जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने मानसी प्रखंड में टीकाकरण महा अभियान का निरीक्षण किया। अभियान को सफल बनाने के लिए अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव को खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र, अपर समाहर्ता शत्रुंजय कुमार मिश्रा को मानसी और जिला पंचायती राज पदाधिकारी संजय कुमार वर्मा को अलौली प्रखंड का वरीय नोडल पदाधिकारी बनाया गया था।

टीकाकरण के महा अभियान हेतु  नगर परिषद खगड़िया के सभी 26 वार्डों में 26 टीकाकरण सत्र स्थल बनाकर एक-एक टीम बनाई गई थी। सारे वार्डों एवं पंचायतों में आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं की टीमें भी पहुंचीं और लोगों को टीका लेने हेतु प्रेरित किया। प्रखंडों में जीविका दीदियों को भी लोगों को जागरूक कर टीकाकरण सत्र स्थान पर लाने के कार्य में लगाया गया था।

उप विकास आयुक्त श्रीमती अभिलाषा शर्मा, सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव, अनुमंडल पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने भी विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थानों का निरीक्षण किया। इन अधिकारियों ने  टाउन हॉल, अनुमंडल कार्यालय, प्रखंड कैंपस, जेएनकेटी विद्यालय, बापू मध्य विद्यालय, बलुआही, ठाकुरबारी बलुआही समेत विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का भ्रमण किया और लोगों को टीका लेने हेतु प्रेरित किया। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी हेमंत कुमार भी विभिन्न टीकाकरण सत्र स्थलों का पर्यवेक्षण करते पाए गए।

खगड़िया नगर परिषद क्षेत्र में नगर सभापति श्रीमती सीता कुमारी और कई वार्ड पार्षदों ने लोगों को टीकाकरण हेतु प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभाई और अभियान के दौरान लगातार भ्रमणशील रहे। इनके द्वारा दिए गए समर्थन की वजह से टीकाकरण अभियान को व्यापक सफलता प्राप्त हुई। वार्ड नंबर 12 की वार्ड पार्षद श्रीमती रिंकी देवी ने भी कोविड टीका लिया और अन्य लोगों को भी टीका दिलाया। नगर परिषद खगड़िया में अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, खगड़िया  नवाजिश अख्तर और  नगर कार्यपालक पदाधिकारी,  राजीव कुमार गुप्ता ने भी टीकाकरण कार्य का  जायजा लिया।

जिलाधिकारी श्री घोष  स्वयं मानसी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में टीकाकरण कार्यों का निरीक्षण किया। वे नाव से नदी पार करके ट्रैक्टर पर सवार होकर अमनी पंचायत पहुंचे और वहां चल रहे टीकाकरण कार्य को देखा। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें टीकाकरण हेतु प्रेरित भी किया।  जिलाधिकारी सैदपुर पंचायत में चल रहे महा अभियान का भी निरीक्षण किया और लोगों को टीका लेने हेतु प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसी प्रखंड के 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को टीका दिला कर जिले का प्रथम शत प्रतिशत टीकाकृत  प्रखंड घोषित किया जाना  जिला प्रशासन का लक्ष्य है।

टीकाकरण महा अभियान के दौरान जिलाधिकारी साथ चल रहे पदाधिकारियों और भ्रमणरत पदाधिकारियों को मोबाईल पर आवश्यकतानुसार दिशा-निर्देश देते रहे। मानसी प्रखंड में वरीय नोडल पदाधिकारी अपर समाहर्ता  शत्रुंजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में वरीय उप समाहर्ता  टेश लाल सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सुनील कुमार अंचलाधिकारी, अरुण कुमार सरोज भी टीकाकरण  महा अभियान को सफल बनाने के लिए प्रयत्नशील रहे और दिन भर विभिन्न पंचायतों का  भ्रमण किया।

पंचायत स्तर पर भी टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने के लिए और इसे सफल बनाने के लिए नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए थे। मानसी प्रखंड के अमनी पंचायत में 6, बलहा में 9, सैदपुर में 7, खुंटिया में 10, चकहुसैनी में 8, पश्चिमी ठाठा में 7 और पूर्वी ठाठा में 8  कुल 55 टीकाकरण सत्र स्थल बनाए गए थे जहां विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं वार्ड सदस्य लगातार भ्रमण कर लोगों को टीकाकरण हेतु उत्साहित करते रहे।

अलौली के बाढ़ प्रभावित पंचायत आनंद मारन में 4, चेराखेरा में 7, दहमा खैरी खुंटहा में 7 और शहरबन्नी में 5 टीकाकरण सत्र स्थल बनाए गए थे। इसके अलावा कम्युनिटी हेल्थ सेंटर अलौली में भी एक टीकाकरण सत्र स्थल बनाया गया था। अलौली प्रखंड में वरीय नोडल पदाधिकारी संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में भूमि सुधार उप समाहर्ता जनक कुमार, वरीय उप समाहर्ता विजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनीष कुमार एवं अंचलाधिकारी, श्री प्रदीप ने भी बाढ़ प्रभावित पंचायतों में टीकाकरण कार्य का मुआयना किया।

अभियान में बड़े-बुजुर्गों के साथ महिलाओं की भी सहभागिता देखने को मिली और उन्होंने बढ़-चढ़कर टीकाकरण कराया। अभियान में शामिल जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ देवनंदन पासवान, डॉ एजाज अहमद एवं डॉ शशि के अनुसार, तीनों क्षेत्रों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 10200 लोगों ने इस टीकाकरण अभियान में टीके का डोज लिया। खगड़िया में लगभग 3150 डोज ,मानसी प्रखंड में लगभग 5420 और अलौली के चार पंचायतों में 1600 लोगों को टीका दिए गए। टीकाकरण कार्यों का अनुश्रवण करने के लिए निदेशक, डी आर डी ए के निदेशक मो० शहादत हुसैन के नेतृत्व में जिला स्वास्थ्य समिति,  के कार्यालय में  कंट्रोल रुम बनाया गया था।