News TOP STORIES नयी दिल्ली राष्ट्रीय

पेगासस स्पाईवेयर: आईटी मंत्री वैष्णव ने कहा- ये भारतीय लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश


  • पेगासस स्पाईवेयर विवाद पर लोकसभा में आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव का बयान अश्विनी वैष्णव ने कहा- संसद के मानसून सत्र से एक दिन पहले ऐसी रिपोर्ट प्रकाशित होना बस संयोग नहीं आईटी मंत्री ने कहा- पहले भी ऐसे आरोप लगाए गए हैं, ये भारत के लोकतंत्र और यहां की संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश

पेगासस स्पाईवेयर विवाद पर भारत सरकार ने कहा है ऐसी रिपोर्ट भारत के लोकतंत्र और यहां स्थापित संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश लगते हैं। पेगासस विवाद पर आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये बात सोमवार को लोकसभा में कही।

अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में कहा, ‘एक बेहद सनसनीखेज स्टोरी एक वेब पोर्टल द्वारा रात में प्रकाशित की गई। इस स्टोरी के माध्यम से कई बेबुनियाद आरोप लगाए गए। संसद के मानसून सत्र से एक दिन पहले ये रिपोर्ट सामने आए। ये बस एक संयोग नहीं हो सकता है।’

आईटी मंत्री ने साथ ही कहा, ‘पहले भी ऐसे दावे व्हाट्सएप पर भी पेगासस को लेकर किए गए। उन रिपोर्ट का भी कोई आधार नहीं था और सभी पार्टियों द्वारा उसे खारिज किया गया। ऐसा लगता है कि 18 जुलाई, 2021 की प्रेस रिपोर्ट भारतीय लोकतंत्र और यहां स्थापित संस्थाओं को बदनाम करने की एक कोशिश है।’

अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘हम उन लोगों को दोष नहीं दे सकते जिन्होंने स्टोरी को विस्तार से नहीं पढ़ा है और मैं सदन के सभी सदस्यों से तथ्यों और तर्क पर मुद्दे को देखने का अनुरोध करता हूं। इस रिपोर्ट का आधार यह है कि एक कंसोर्टियम है जिसके पास 50,000 फोन नंबरों के लीक डेटाबेस हैं।’