Latest News पंजाब

प्रताप सिंह बाजवा बाेले- मुख्‍यमंत्री होता है सीएम फेस


चंडीगढ़ । पंजाब कांग्रेस में विधानसभा चुनाव में सीएम चेहरे को लेकर घमासान मचा हुआ है और नेता इस पर उलझे हुए हैं। ऐसे में राज्यसभा सदस्य व पंजाब कांग्रेस की चुनाव घोषणा पत्र कमेटी के चेयरमैन प्रताप सिंह बाजवा ने बड़ी बात कही है। उनका कहना है कि मुख्‍यमंत्री चुनाव में सीएम चेहरा होता है, इसलिए चरणजीत सिंह चन्‍नी ही सीएम चेहरा हैं।

वैसे बाजवा हमेशा ही चर्चा का केंद्र बने रहते हैं। साल 2013 में जब कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाकर उनको प्रदेश कांग्रेस प्रधान बनाया था तो तब भी वह चर्चा में आए थे। राहुल गांधी के न चाहते हुए भी कैप्टन के दबाव में जब उनको प्रदेश कांग्रेस की कमान छोड़नी पड़ी, तब भी चर्चा में रहे। कैप्टन और बाजवा के बीच में छह वर्षो तक छत्तीस का आंकड़ा रहा।

कहा-राज्य के स्त्रोतों की स्थिति को देखकर घोषणा पत्र में शामिल करेंगे सिद्धू के सुझाव

बाजवा आजकल इसलिए भी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं, क्योंकि उनके पैतृक घर पर इन दिनों भाजपा और कांग्रेस दोनों के ही झंडे लहरा रहे हैं। कारण, बाजवा के छोटे भाई फतेहजंग बाजवा भाजपा में शामिल हो गए हैं। वहीं, राज्यसभा सदस्य होते हुए भी बाजवा वापस पंजाब की राजनीति में सक्रिय हो रहे हैं। कांग्रेस ने उन्हें कादियां से टिकट दिया है।पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब माडल पर भी उनकी स्‍पष्‍ट राय है। उनका कहना है कि कांग्रेस घोषणा पत्र किसी व्‍यक्ति विशेष का नहींं होगा। वैसे राज्‍य के स्रोतों को देखकर सिद्धूू के सुझावाें काे घोषणापत्र में शामिल करेंगे।हमारे विशेष संवाददाता कैलाश नाथ ने उनसे बात की। पेश हैं इसके प्रमुख अंश :

आपके घर पर भाजपा और कांग्रेस दोनों के झंडे लगे हैं?

– वह मेरा पैतृक घर है। मैं ऊपर रहता हूं और मेरा छोटा भाई नीचे। वह अपने घर पर भाजपा का झंडा लगाता है तो मैं कैसे रोक सकता हूं। वह अपने हिस्से का मालिक है।

पंजाब की राजनीति में वापस आने के पीछे क्या कारण हैं?

– मैं राज्यसभा में गया था। पंजाब को तो छोड़ा ही नहीं था कभी। राज्यसभा में भी पंजाब के ही मुद्दों को उठाता था। राज्यसभा सदस्य होते हुए जब भी मुझे लगता था कि कैप्टन सरकार कुछ गलत कर रही है तो मैं सबसे पहले आवाज उठाता था। मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखता था।

लेकिन राज्य की सक्रिय राजनीति में तो नहीं थे?

– मैं पंजाब में मंत्री रहा हूं और प्रदेश कांग्रेस की कमान भी संभाली है। मुझे पंजाब की ही सेवा करनी है। मैं पंजाब से दूर तो कभी भी नहीं रहा।

आप वरिष्ठ नेता हैं; मुख्यमंत्री पद के भी दावेदार हैं, अगर पार्टी आपको मुख्यमंत्री नहीं बनाएगी तो आपका क्या स्टैंड होगा?

– मैं किसी पद का दावेदार नहीं हूं। पार्टी ने मुझे कादियां से टिकट दिया है। मैं चुनाव लड़ूंगा। पार्टी आगे मुझे जो जिम्मेदारी देगी, वह मैं निभाऊंगा। इससे पहले भी पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी, मैंने निभाई।

कांग्रेस में चन्नी को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाने की मांग उठ रही है?

– चरणजीत सिंह चन्नी हमारे मुख्यमंत्री हैं। जो मुख्यमंत्री है, वही चेहरा है। अभी हमारा लक्ष्य 2022 की जंग को जीतना है। पार्टी की एक कार्यप्रणाली है। चुनाव जीत करके आने वाले विधायक अपना लीडर चुनते हैं, जिसे पार्टी हाईकमान को बताया जाता है। सबसे पहले हमें एकजुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ना है।

सिद्धू के माडल को आप घोषणा पत्र में शामिल करेंगे?

– नवजोत सिंह सिद्धू हमारे प्रधान हैं। उनका एक विजन है। कई तो ऐसे भी होते हैं, जिनका विजन नहीं होता है। प्रदेश प्रधान के साथ बैठक हो चुकी है। उनके सुझाव राज्य के स्रोतों की स्थिति को देखकर जरूर शामिल किए जाएंगे।