Latest News उत्तर प्रदेश प्रयागराज

प्रयागराज मर्डर केस: योगी सरकार ने पीड़ित परिवार को 16 लाख रुपए की आर्थिक मदद का किया ऐलान


प्रयागराज: यूपी के प्रयागराज में दलित परिवार के 4 लोगों की हत्या के मामले में योगी सरकार ने 16 लाख 50 हजार रुपए का मुआवजे का ऐलान किया है। वहीं इस मामले में पुलिस ने नामजद 11 आरोपियों में से 8 लोगों को हिरासत में ले लिया है। जबकि नामजद दो अभियुक्तों की पुलिस तलाश कर रही है, जिनकी लोकेशन मुंबई में पाई गई है।

शासन की ओर से जिलाधिकारी ने 16.5 लाख रुपए मुआवजे की घोषणा कर दी है। मृतक के परिजनों की सभी मांगों को पूरा करते हुए परिवार की सुरक्षा के लिए मौके पर पिकेट लगा दिया गया है। डीईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक पीड़ित परिवार ने शस्त्र लाइसेंस की मांग की है। शस्त्र लाइसेंस के लिए अप्लाई करने पर जल्द ही उसमें कार्यवाही कर उसे दिलाने का काम किया जाएगा।

डीईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद शवों का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। त्रिपाठी ने दावा करते हुए कहा कि मौके पर पूरी तरह से शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस प्रशासन मामले को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।