Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

प्रियंका गांधी के निशाने पर पीएम मोदी, कहा- कोरोना को लेकर केवल झूठे ऐलान किए


  • लखनऊ: कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार के खिलाफ ‘जिम्मेदार कौन’ अभियान चल रखा है। इस अभियान के तहत प्रियंका गांधी हर रोज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सामने सवालों की झड़ी लगा दी है। शनिवार 05 जून को प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए एक बार फिर नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने की सलाहों को दरकिनार किया। जिम्मेदार कौन?’

कोरोना को लेकर केवल झूठे ऐलान किए: प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा, ‘जब जनवरी में प्रधानमन्त्री जी “कोरोना से युद्ध जीत लेने” की झूठी घोषणाएं कर रहे थे, उसी समय देश में ऑक्सीजन बेडों की संख्या 36%, आईसीयू बेडों की संख्या 46% और वेंटिलेटर बेडों की संख्या 28% घटा दी गई। स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने की सलाहों को दरकिनार किया। जिम्मेदार कौन?’

सोशल मीडिया पर एक-एक बेड की लगा रहे थे गुहार

प्रियंका गांधी ने कहा, पिछले महीने भारतीय संगीत को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले पंडित राजन मिश्रा का दिल्ली में वेंटीलेटर बेड न मिलने की वजह से निधन हो गया। इस घटना ने देश को झकझोर कर रख दिया। सबने इस घटना को सरकारी लापरवाही और व्यवस्था की नाकामी के रूप में देखा। अप्रैल 2021 में भारत में कोरोना के लगभग 66 लाख मामले आये। लोग अस्पतालों के सामने, अधिकारियों के दफ़्तरों के सामने, सोशल मीडिया पर एक-एक बेड की गुहार लगा रहे थे।

अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर कोरोना से जंग जीतने का एलान करते रहे पीएम

कोरोना विजय की घोषणा कर चुकी सरकार इस मौके पर इतना भी नहीं कर पाई कि आरोग्य सेतु या किसी अन्य डाटाबेस पर सभी अस्पतालों में बेड की उपलब्धता का डाटा ही अपडेट कर दे। ताकि बेड के लिए इधर-उधर धक्के खा रहे लोगों को कुछ सहूलियत मिल सकती। लोग सरकार के सामने बेबस थे। कितनों ने अस्पताल के बाहर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक मंजर के पीछे सरकार की लापरवाही एवं दिशाहीनता की एक पूरी गाथा है। 2021 की शुरुआत में पीएम मोदी अपने बड़बोले, प्रचारमयी अंदाज में बार-बार कोरोना की जंग जीतने का एलान राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर करते रहे।