Latest News राजस्थान

प्रियंका गांधी जयपुर पहुंचीं, अशोक गहलोत ने किया स्वागत


जयपुर, । कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 10 मार्च को आने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव 2022 के परिणाम से पहले चुनाव के बाद के परिदृश्य पर चर्चा करने के लिए सोमवार को जयपुर पहुंचीं हैं। प्रियंका गांधी पार्टी नेता राजीव शुक्ला के साथ जयपुर हवाई अड्डे पर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पीसीसी प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया। पार्टी सूत्रों ने कहा कि प्रियंका गांधी पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद के परिदृश्य के बारे में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ चर्चा करेंगी। प्रियंका गांधी जयपुर हवाई अड्डे से सीएम अशोक गहलोत और अन्य के साथ होटल के लिए रवाना हुईं हैं।

 

समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, जयपुर हवाई अड्डे पहुंचने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि जनता ने सोच समझ के वोट दिया होगा। जनता सही निर्णय लेगी। चुनाव के नतीजे आने दीजिए फिर देखते हैं क्या परिस्थितियां बनती हैं। मैं उत्तर प्रदेश में व्यस्त रही हूं, मैंने राजस्थान का बजट नहीं देखा, आप इस बारे में अशोक गहलोत से पूछिए।

इस बीच, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव का परिणाम 10 मार्च को आने से पहले पंजाब कांग्रेस के विधायकों की बाड़ेबंदी राजस्थान के जैसलमेर, बीकानेर व जयपुर में करने की योजना बनाई गई है। सूत्रों के अनुसार, पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ चर्चा कर आधा दर्जन होटल और रिसार्ट बुक करवाए हैं। चौधरी पिछले तीन दिन से राजस्थान में हैं। राज्य विधानसभा के सत्र में शामिल होने के बाद उन्होंने जयपुर में दो होटल देखे और फिर जैसलमेर पहुंचे। जैसलमेर में भी उन्होंने कुछ रिसाटर्स देखे हैं। चौधरी की इस संबंध में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ भी बैठक हुई है। गहलोत ने पंजाब के कांग्रेस विधायकों को राज्य में लाए जाने पर सभी तरह से सहयोग करने की बात कही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन भी पंजाब चुनाव अभियान से जुड़े रहे हैं। माकन भी चुनाव जीतने वाले विधायकों की राजस्थान में बाड़ेबंदी करने के पक्ष में बताए जाते हैं।