Latest News उत्तर प्रदेश लखनऊ

प्रियंका गांधी ने यूपी चुनाव के लिए मांगे मध्य प्रदेश से विधायक और दिग्गज नेता


भोपाल, । उत्तर प्रदेश (यूपी) विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर हैं। उत्तर प्रदेश की प्रभारी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मध्य प्रदेश से विधायक और दिग्गज नेताओं की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी से विधायकों और उन वरिष्ठ नेताओं के नाम मांगे गए हैं, जिन्हें यूपी चुनाव कार्यों में लगाया जा सकता है। पड़ोसी क्षेत्र ग्वालियर-चंबल और विंध्य-बुंदेलखंड से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को भेजने की तैयारी है। इसमें मौजूदा और पूर्व विधायक भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के करीब पचास विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जो मध्य प्रदेश की सीमा के करीब हैं। दोनों राज्यों के लोगों का यहां पारिवारिक रिश्ता है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी मध्य प्रदेश से कांग्रस-भाजपा के नेता उत्तर प्रदेश में सक्रिय थे।

ऐसे तैयार होगी सूची

इनमें कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा से डा. नरोत्तम मिश्रा आदि दिग्गज नेता उत्तर प्रदेश भेजे गए थे। इस बार कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में मध्य प्रदेश के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल को राष्ट्रीय सचिव बनाकर भेजा है। ऐसे में मध्य प्रदेश की भूमिका उत्तर प्रदेश में वैसे भी बढ़ गई है। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि केंद्रीय संगठन के निर्देश पर तैयारी की जा रही है। विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करके सूची तैयार कर रहे हैं, जिसे जल्द ही केंद्रीय संगठन को भेजा जाएगा। इन नेताओं का उपयोग कहां और कब करना है, यह उत्तर प्रदेश की प्रदेश कांग्रेस कमेटी तय करेगी।