Latest News अन्तर्राष्ट्रीय

फ्लोरिडा में बाजार में गोलीबारी, महिला और उसके पोते को गोली मारने के बाद शख्स ने की आत्महत्या


  • रॉयल पाम बीच (अमेरिका): अमेरिका में फ्लोरिडा राज्य के एक सुपरमार्केट में एक शख्स ने आत्महत्या करने से पहले एक महिला और उसके एक साल के पोते की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गयी। यह घटना एक मॉल में बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े 11 बजे हुई। यहां पर कई छोटी दुकानें और रेस्त्रां हैं।

अधिकारियों ने शुरुआत में कहा कि हमलावर और मृतक एक-दूसरे को संभवत: जानते थे। बाद में पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने बताया कि संदिग्ध और पीड़ितों के बीच किसी संबंध का पता नहीं चला है और न ही इस घटना के पीछे के मकसद का पता चला है। अभी जांच चल रही है।

शेरिफ कार्यालय ने संदिग्ध की पहचान रॉयल पाम बीच निवासी 55 वर्षीय टिमोथी जे. वॉल के रूप में की है। घटना में मारी गयी महिला और उसके पोते के नाम उजागर नहीं किए जाएंगे।

एक प्रत्यक्षदर्शी जुआन गार्डिया ने पाम बीच पोस्ट को बताया, ”मैंने सुना, वे गोली चल रहे हैं। मॉल में काम करने वाली एक महिला ने कहा – भागो, गोलियां चल रही हैं। मैं डर गया। यह दुखद है क्योंकि सबकुछ अचानक हुआ। हर कोई भाग रहा था, कुछ कर्मचारी रो रहे थे।”