News TOP STORIES नयी दिल्ली बंगाल राष्ट्रीय

बंगाल भाजपा की 108 सदस्‍यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा


कोलकाता,। बंगाल भाजपा के भीतर मचे घमासान व असंतोष के बीच प्रदेश अध्यक्ष डा सुकांत मजूमदार ने अब नई कार्यकारिणी की भी घोषणा कर दी है। 108 सदस्यीय नई प्रदेश कार्यकारिणी में कई ऐसे चेहरे भी शामिल किए गए हैं जिन्हें राज्य समिति समेत पिछली कुछ कमेटियों में स्थान नहीं मिला था। वहीं, राज्य समिति से निकाले जाने के बाद नाराज चल रहे वरिष्ठ नेता सायंतन बसु को नई कार्यकारिणी में भी जगह नहीं दी गई है। दिलीप घोष जब प्रदेश अध्यक्ष थे तो बसु लंबे समय तक प्रदेश महासचिव के पद पर थे।

दूसरी ओर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी, राजकमल पाठक व शंकुदेव पांडा को कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इनमें राहुल सिन्हा को दक्षिण कोलकाता सांगठनिक जिले से कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। प्रताप बनर्जी को उत्तर कोलकाता, राजकमल पाठक, सांवर धनानिया व शिशिर बाजोरिया को दक्षिण कोलकाता जबकि शंकुदेव पांडा को कांथी से कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। कार्यकारिणी में राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी, विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक मनोज टिग्गा, कोलकाता नगर निगम की पार्षद मीना देवी पुरोहित व विजय ओझा समेत दूध कुमार मंडल, देवव्रत मांजी व अन्य शामिल हैं। 108 सदस्यीय कार्यकारिणी में 48 विशेष आमंत्रित सदस्य के तौर पर शामिल किए गए हैं। इनमें ज्योतिर्मय सिकदर व एडवोकेट नारायण जैन के अलावा अन्य नाम शामिल हैं।

बता दें कि पिछले साल सितंबर में दिलीप घोष की जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद सुकांत मजूमदार ने दिसंबर में नई राज्य समिति की घोषणा की थी, जिसमें कई पुराने नेताओं को जगह नहीं दी गई थी। इसके बाद पार्टी में असंतोष खुलकर सामने आ गया था। पार्टी से बगावत करने व दल विरोधी गतिविधियों के आरोप में बाद में दो वरिष्ठ नेताओं जयप्रकाश मजूमदार व रितेश तिवारी को निलंबित भी कर दिया गया था। इसके बाद जयप्रकाश मजूमदार ने पिछले दिनों सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था।