News TOP STORIES नयी दिल्ली बंगाल

बंगाल में उपचुनाव के दौरान हिंसा, आसनसोल में भाजपा प्रत्याशी पर हमला


कोलकाता। पश्चिम बंगाल में एक लोकसभा व एक विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी है। इस दौरान आसनसोल के बाराबनी के जामग्राम के कपिष्टा के 175 नंबर बूथ में भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल के सुरक्षा कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। भाजपा प्रत्याशी को सुरक्षा बलों ने किसी प्रकार वहां से निकाला गया। वाहनों पर पथराव किए जाने से भाजपा प्रत्याशी के साथ चल रहा एक वाहन का शीशा टूट गया। इस घटना में एक सुरक्षा कर्मी घायल हो गया है। अग्निमित्रा पाल ने टीएमसी समर्थकों पर आरोप लगाया है। भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि तृणमूल के लोगों ने हमारे ऊपर हमला किया, गाड़ी पर हमला किया गया, हमारे लोग घायल हुए हैं। तृणमूल डर गई है इसलिए ये सब कर रही है और प्रशासन मूकदर्शक बनी है। मेरे सुरक्षाकर्मी पर भी हमला किया गया है।

बालीगंज विधानसभा (विस) उपचुनाव में मतदान बेहद धीमी गति से चल रहा है। कोलकाता की बालीगंज विधानसभा सीट पर सुबह 11:00 बजे तक 16.20 प्रतिशत मतदान हुआ है। केंद्रीय चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह नौ बजे तक सिर्फ आठ प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि इस समय तक आसनसोल लोकसभा उपचुनाव में चार घंटे में 28.68 फीसदी मतदान हुआ है। बालीगंज विधानसभा सीट पर मंगलवार सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही छिटपुट घटनाओं का दौर शुरू हो गया था। बालीगंज के जगबंधु हाई स्कूल में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में खराबी होने के कारण मतदान शुरू होने में विलंब हुआ। वहीं, अशोक हाल स्थित बूथ में भाजपा के एजेंट को बैठने नहीं देने का तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगा है।

आसनसोल में चार घंटे में 28.68 फीसदी मतदान

आसनसोल लोकसभा उपचुनाव के मंगलवार को मतदान शुरू हुआ। गर्मी के कारण सुबह से ही बूथ पर मतदाताओं की संख्या बूथ पर कम दिखाई दी। दो घंटे में 12.77 फीसदी और चार घंटे में 28.68 फीसदी मतदान हुआ है। भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल ने बाराबनी के बूथ संख्या 241 में पुलिस के होने पर आपत्ति जताई। जिसके बाद पुलिस कर्मी को वहां से जाना पडा। राज्यमंत्री मलय घटक ने आसनसोल उत्तर विधानसभा के बूथ संख्या 77 मे मतदान किया। मलय घटक ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल मतदाताओं को परेशान कर रहा है। केंद्र के इशारे पर केंद्रीय बल काम कर रहा है। मतदाताओं को मोबाइल लेकर नही जाने दिया जा रहा है। हम लोगों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नही की जा रही है। कुछ जगह में ईवीएम की खराबी के कारण कुछ देर तक मतदान प्रभावित हुआ।