Latest News नयी दिल्ली बंगाल राष्ट्रीय

बंगाल में ममता सरकार की पहली वर्षगांठ के दिन राज्य में गृह मंत्री अमित शाह की रैली


कोलकाता। पांच मई को ममता बनर्जी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ होगी। सब कुछ ठीक रहा तो केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उसी दिन राज्य में एक राजनीतिक रैली में शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक शाह के दौरे के दूसरे दिन सिलीगुड़ी में जनसभा होगी। वह छह मई को कोलकाता में भाजपा की संगठनात्मक बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक अमित शाह का चार मई की रात को कोलकाता पहुंचने का कार्यक्रम है। अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान उनके प्रशासनिक और राजनीतिक कार्यक्रम भी हैं। पांच मई को केंद्रीय गृह मंत्री उत्तर 24 परगना के हिंगलगंज और कूचबिहार के तिनबीघा में सीमा सुरक्षा बल के समारोह में शामिल होंगे। वहीं उस दिन सिलीगुड़ी में बीजेपी की रैली होगी। वह रात में कोलकाता लौट सकते हैं। वह शहर में एक संगठनात्मक बैठक में भाग लेने वाले हैं। भगवा खेमे के सूत्रों ने बताया कि बैठक के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष स्तर के नेताओं को बुलाया जाएगा। पार्टी के सांसदों और विधायकों को भी फोन आएगा। अमित शाह राज्य के अधिकारियों के साथ अलग से बैठक भी कर सकते हैं।

 

हालांकि भाजपा अमित शाह के कार्यक्रम के बारे में ब्योरा नहीं देना चाहती है। भाजपा का दावा है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सिलीगुड़ी जनसभा या कोलकाता की बैठक कहां होगी। पार्टी के राज्य के एक नेता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का कार्यक्रम समय-समय पर बदल रहा है। उन्होंने पहले भी दो बार बंगाल जाने की योजना बनाई थी लेकिन बाद में इसे रद कर दिया गया था। इसलिए कार्यक्रम के बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता है।