News TOP STORIES मनोरंजन महाराष्ट्र

बिग बॉस विनर, एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन


  • मुंबई,: एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया है। गुरुवार को मुंबई के कूपर अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली है। वह 40 वर्ष के थे। बताया गया है कि सिद्धार्थ को हार्ट अटैक आया था,जिसके बाद उनको अस्पताल लाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। कूपर अस्पताल के एक अधिकारी ने उनके निधन की पुष्टि की है। सिद्धार्थ टीवी के काफी लोकप्रिय सितारे थे। उन्हें टीवी शो बालिका वधू में अपनी भूमिका के लिए काफी प्रसिद्ध मिली थी। वो बिग बॉस के विजेता भी रहे थे।
अस्पातल के रास्ते में ही दम तोड़ चुके थे सिद्धार्थ!
सिद्धार्थ शुक्ला को आज दिल का दौरा पड़ा। जिसके बाद उनको कूपर अस्पताल ले जाया गया है। बताया गया है कि अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में ही उनकी मौत हो चुकी थी। सिद्धार्थ शुक्ला के परिवार में उनकी मां और दो बहनें हैं।

एक दशक से ज्यादा समय से थे एक्टिंग की दुनिया में

सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद वो टीवी इंडस्ट्री में आए। 2008 में उन्होंने टीवी सीरियल में एक्टिंग शुरू कर दी थी। शुक्ला ने ‘बाबुल का आंगन छूटे ना’, ‘जाने पहचाने से… ये अजनबी’, ‘लव यू जिंदगी’ जैसे टीवी धारावाहिकों में काम किया। हालांकि उनको बड़ी पहचान और लोकप्रियता बालिका वधू सीरियल से मिली। 2014 में उन्होंने फिल्मों में एंट्री की। 2014 में आई हंपटी शर्मा की दुल्हनिया उनकी डेब्यू फिल्म थी। इस फिल्म में वो एक सपोर्टिंग रोल में दिखे थे।

बिग बॉस ने बना दिया था स्टार

सिद्धार्थ शुक्ला की लोकप्रियता को बढ़ाने में बिग बॉस की बड़ी भूमिका रही। सिद्धार्थ शुक्ला ने रियलटी शो बिग बॉस का 13वां सीजन जीता था, जिसने उनको छोटे पर्दे का स्टार बना दिया था। इसके अलावा उन्होंने खतरों के खिलाड़ी का सातवां सीजन भी जीता। झलक दिखला जा के छठवें सीजन में भी वो दिखे थे।