पटना

बिहारशरीफ: आपने जो ताकत दिया उसे विकास में लगाऊंगा : सीएम


      • नीतीश कुमार के जनसंपर्क यात्रा में नालंदा में भव्य स्वागत
      • चंडी, नगरनौसा और थरथरी में क्षेत्र के लोगों से सुनी समस्या

बिहारशरीफ। आज मैं जो भी हूं आपलोगों की बदौलत हूं। आपका जो प्रेम मिला, जो सहयोग मिला उसे मैं कभी भुला नहीं सकता। आपके द्वारा दी गयी ताकत आपके विकास के लिए उपयोग करूंगा। यह वक्तव्य था बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का। मुख्यमंत्री आज नालंदा जिले के नगरनौसा, चंडी एवं थरथरी प्रखंडों में अलग-अलग कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। मुख्यमंत्री तीनों हीं स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मिले। उनके सुख-दुख पर चर्चा की और समस्याओं को सुना।

बताते चले कि पिछले तीन दिनों से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पुराने लोकसभाई क्षेत्र विघटित बाढ़ और मौजूदा नालंदा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों के दौरे पर है। नालंदा जिला का चंडी, नगरनौसा और थरथरी प्रखंड कभी चंडी विधानसभा क्षेत्र हुआ करता था जो अब विघटित हो चुका है और तब मौजूदा विघटित बाढ़ लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा था। और इस क्षेत्र का कई बार प्रतिनिधित्व सांसद के रूप में नीतीश कुमार कर चुके है। इन क्षेत्रें से उनका पुराना रिश्ता रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं आज जो भी हूं आपलोगों की बदौलत हूं। आपलोगों ने मुझे लगातार कई बार सांसद बनाया और आपकी ताकत से केंद्र में मंत्री रहा और बाद में प्रदेश का नेतृत्व का मौका मिला। पिछले 16 वर्षों से राज्य में आपकी सेवा में हूं और तब से लगातार आपलोगों की सेवा करता रहा हूं। मैं आपदा एवं अन्य वक्त में भी आपलोगों के बीच आता रहा हूं और जो समस्याएं मुझे समझ में आती है उसे दूर करता रहा हूं। पिछले दो वर्षों से कोरोना जैसी महामारी को लेकर मैं भी आपलोगों से सही तरीके से नहीं मिल पा रहा था और ऐसे में आपकी याद मुझे बराबर सता रही थी और मैंने यह निर्णय लिया कि मैं प्रखंड स्तर पर जाकर अपने पुराने लोगों से मिलूंगा। उनकी समस्याएं और बातों को सुनुंगा। इसी कड़ी में मैं आपलोगों से मिलने आया हूं। आपलोगों की समस्याओं को सुनुंगा और मैं इसका समाधान करूंगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरा संपर्क यात्रा है जो सिर्फ आपलोगों से मिलने का एक बहाना है। मैं वक्त-वक्त पर आपलोगों से संवाद करता रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। आपके द्वारा दी गयी ताकत आपके विकास में लगाउंगा और लगा रहा हूं। मैं यह भरोसा देता हूं कि अपनी जिंदगी भर आपलोगों के द्वारा दी गयी ताकत आपके लिये लगाता रहूंगा।

संपर्क यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री सबसे पहले नगरनौसा पहुंचे। उनका दूसरा कार्यक्रम चंडी में और अंतिम कार्यक्रम थरथरी में हुआ। मुख्यमंत्री के साथ जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह भी मौजूद थे। उनके अलावे नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, प्रो- अशोक कुमार, राजकिशोर सिंह उर्फ पप्पू, वसुंधरा कुमारी, रंजीत कुमार, शशिकांत टोनी, रिक्की कुमार आदि लोग भी मुख्यमंत्री के स्वागत में लगे दिखे।

चंडी की सभा में समाजवादी नेता कमलेश अजगर भी अपनी बातों को लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री का उनके साथ भी संवाद हुआ। मुख्यमंत्री के संपर्क यात्रा के दौरान मुख्य समारोह स्थलों के अलावे कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने रोक कर फूल माला दिया और जगह-जगह सैकड़ों और हजारों की संख्या में लोग नारेबाजी करते दिखे। मुख्यमंत्री के इस संपर्क यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यकर्ता हीं नहीं क्षेत्र की जनता भी उत्साहित दिखी।

मुख्यमंत्री लोगों को सुनकर उनके ज्ञापन को भी ले रहे थे। मुख्यमंत्री के साथ उनके सहायक सलाहकार मनीष कुमार वर्मा, सचिव अनुपम कुमार, ओएसडी, पटना के प्रमंडलीय आयुक्त कुमार रवि, पटना प्रक्षेत्र के आईजी, नालंदा के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, पुलिस अधीक्षक अशोक मिश्रा भी मौजूद थे।