पटना

बिहारशरीफ: एसपी ने 13 थानाध्यक्ष सहित 16 पुलिस पदाधिकारियों को किया इधर से उधर


बिहारशरीफ (आससे)। पुलिस अधीक्षक हरिप्रसाथ एस. ने विधि व्यवस्था संधारण को लेकर जिले के 13 थानाध्यक्ष सहित 16 पुलिस पदाधिकारी को इधर से उधर किया है। एसपी ने बताया कि अपराध एवं विधि व्यवस्था नियंत्रण के दृष्टिकोण से कई थानाध्यक्षों को इधर से उधर किया गया है।  अस्थावां के अंचल निरीक्षक दिलीप कुमार साह को एकंगरसराय के अंचल निरीक्षक के पद पर पदस्थापना की गयी है।

इसी प्रकार हरनौत थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह को इस्लामपुर, वेना थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार को करायपरशुराय, अस्थावां थानाध्यक्ष संतोष कुमार को एकंगरसराय, सारे थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह को नालंदा, इस्लामपुर थानाध्यक्ष शरद कुमार रंजन को कतरीसराय, एकंगरसराय थानाध्यक्ष विवेक राज को सरमेरा, औंगारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव को वेना तथा नालंदा थानाध्यक्ष शशिरंजन को परबलपुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।

इसी तरह भागनबिगहा ओपी अध्यक्ष देवानंद शर्मा को हरनौत का थानाध्यक्ष, गोखुलपुर ओपी अध्यक्ष जितेंद्र कुमार को अस्थावां का थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सरमेरा थानाध्यक्ष का पदस्थापन बिहार थाना के अपर थानाध्यक्ष अनुसंधान इकाई में किया गया है। करायपरशुराय के थानाध्यक्ष अवधेश कुमार को गोखुलपुर ओपी तथा कतरीसराय थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सिंह को भागनबिगहा ओपी का ओपी अध्यक्ष बनाया गया है।

इसी प्रकार बिहार थाना में पदस्थापित कअनि प्रभा कुमारी को सारे का नया थानाध्यक्ष तथा कअनि श्रीमंत कुमार सुमन को खुदागंज थाना का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। एसपी ने स्थानांतरित किये गये सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अविलंब अपने-अपने नवपदस्थापन स्थल पर योगदान कर अनुपालन प्रतिवेदन समर्पित करना सुनिश्चित करें।