पटना

बिहारशरीफ: जहरीली शराब कांड में मृतक के परिजनों से मिले भाजपा के नेता


भाजपा उपाध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा मुख्यमंत्री के चेताने के बावजूद भी अधिकारी कान में तेल डालकर हैं सोये

बिहारशरीफ। बिहारशरीफ जहरीली शराबकांड के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक टीम बिहारशरीफ के छोटी पहाड़ी इलाके में जाकर मरे लोगों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढ़स बंधाया। टीम का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक राजीव रंजन कर रहे थे।

राजीव रंजन ने घटना को हृदय विदारक बताते हुए कहा कि शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा बार-बार चेतावनी दिये जाने के बावजूद कुछ अधिकारी कान में तेल डाल कर सोये हुए है। उन्हें ना तो कानून का पालन करवाने की परवाह है और ना ही आम जनता की परवाह। इस तरह के हादसे प्रशासन की इसी लचरता का परिणाम है।

श्री रंजन ने कहा कि स्थानीय लोगों के मुताबिक इस घटना में अभी तक 13 लोग अपनी जान गंवा चुके है और कुछ जीवन-मौत से अस्पताल में जूझ रहे है। घटना का कारण जहरीली शराब है। प्रशासन द्वारा बीमारी बता कर पल्ला झाड़ना कानून की दृष्टि में अपराध है। मानवता के लिए भी यह शर्मनाक है। हमारी मांग है कि इस तरह की फर्जी रिपोर्ट बनाने वाले अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।

उन्होंने नालंदा के पुलिस प्रशासन की इस लापरवाही के लिए पहले के कुछ अधिकारी को जिम्मेवार बताया। हालांकि यह भी कहा कि डीएम और एसपी के आने से शराब माफिया पर लगाम लगने की उम्मीद फिर से जिंदा हुई है। प्रशासन से गुजारिश है कि इस मामले की फास्ट ट्रैक जांच हो और जिम्मेवार माफियाओं की पहचान कर उन्हें अंजाम तक पहुंचाया जाय।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने निजी कोष से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि भी दी। उन्होंने कहा कि जो लोग मरे है पिछड़े और गरीब लोग है। उनके परिजनों के सामने रोजी-रोटी के लाले पड़े है। वे प्रशासन से बात कर मृतक के परिवारों को लाभ दिलाने की पहल करेंगे। उन्होंने आम लोगों से शराबबंदी में सहयोग करने की अपील की है। लोगों को समझना चाहिए कि बंदी के बाद शराब नहीं पीना चाहिए।

भाजपा की टीम में जिला महामंत्री राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्याम किशोर सिंह, जिला मंत्री मनोज कुमार चौधरी, तेजस्विता राधा, डॉ आशुतोष कुमार, उपाध्यक्ष सुधीर सिंह, मदन प्रसाद सिंह, मीडिया प्रभारी अमित गौरव, नगर अध्यक्ष अमरेश कुमार, महामंत्री विमल कुमार गन्नी, नगर उपाध्यक्ष उमेश कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष धीरज पाठक, संजय कुमार कुश्वाहा, जवाहर प्रसाद, संजय कुमार, अजय सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता साथ थे।