पटना

बिहारशरीफ: पंचायत प्रतिनिधियों को बिहार सरकार ने दी है सम्मान और दिया काम करने का मौका: रीना यादव


विधान पार्षद एवं पूर्व विधान पार्षद ने मुख्यमंत्री, पंचायती राज मंत्री के प्रति जताया आभार और पंचायत प्रतिनिधियों को दी बधाई

बिहारशरीफ (आससे)। कोरोना संक्रमण से उपस्थित आपदा में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों का चुनाव ना हो पाने से पंचायती राज व्यवस्था पर उत्पन्न संवैधानिक संकट को देखते हुए विधान पार्षद रीना यादव एवं पूर्व विधान पार्षद राजू यादव ने सभी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की भावना को कद्र करने वाले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है और कहा है कि इस पंचायती राज व्यवस्था पर जो संवैधानिक संकट उत्पन्न हो रहा था उसके लिए विधान पार्षद श्रीमती रीना यादव ने पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर अवगत कराया था और अवधि विस्तार करने का आग्रह किया था।

जिसे मुख्यमंत्री तथा मंत्री पंचायती राज ने स्वीकारा और परामर्श समिति का गठन कर सभी त्रिस्तरीय प्रतिनिधियों को यथावत कार्य करने की व्यवस्था बनायी। विधान पार्षद श्रीमती यादव ने कहा कि इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों की तरफ से धन्यवाद देती हूं और आभार प्रकट करती हूं। साथ ही साथ त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामना भी देती हूं।

विधान पार्षद ने कहा कि संविधान में कार्यकाल बढ़ाने का प्रावधान नहीं था। लेकिन मुख्यमंत्री ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मान देने का काम किया और कैबिनेट से प्रस्ताव लाकर सभी का अधिकार बरकरार रखा। इसके लिए मुख्यमंत्री की जितनी प्रशंसा की जाय कम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मान दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। विधान पार्षद तथा पूर्व विधान पार्षद ने आशा व्यक्त की है कि स्थिति ठीक होने के बाद चुनाव होगा और फिर से पुरानी व्यवस्था लागू होगी। तब तक प्रतिनिधियों को जनता का काम करने का मौका मिला है। इसके साथ ही सरकार ने उन्हें सम्मान देने का भी काम किया है।