पटना

बिहारशरीफ: मुख्यमंत्री के महिला सशक्तीकरण का दिखा असर


सरमेरा के सभी पंचायतों में महिला बनीं मुखिया

बिहारशरीफ (नालंदा)। मुख्यमंत्री के महिला सशक्तीकरण का नतीजा पंचायत चुनाव में सामने दिखने लगा है। आरक्षण के बावजूद सामान्य सीटों पर भी महिला प्रत्याशियों ने चुनाव में जीत दर्ज की है। जिले के सरमेरा प्रखंड में तो दिलचस्प मामला सामने आया है। सभी आठ ग्राम पंचायतों के लिए मुखिया पद हेतु महिलाओं  ने हीं बाजी मारी है। इस प्रखंड में अब कोई भी पुरुष मुखिया नहीं होगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पंचायत चुनाव में महिलाओं के लिए आरक्षण तय किया था, लेकिन इससे इतर सामान्य सीटों पर भी महिलाओं का दबदबा रहा। मलावां पंचायत में मुखिया के लिए वीणा देवी चुनी गयी, जिन्होंने विजय प्रसाद को हराया, जबकि मीरनगर पंचायत से बॉबी कुमारी चुनाव जीती उन्होंने सुरेश राउत को हराया। ससौर पंचायत से कुमारी प्रेमलता चुनाव जीती, उन्होंने संजय कुमार को पराजित किया।

हुसेना से अर्चना कुमारी जीत, वहां किरण देवी दूसरे स्थान पर रही। इसुआ से मणि देवी चुनाव जीती, उन्होंने मीना देवी को हराया। केनार से रूबी कुमारी मुखिया चुनी गयी, उन्होंने मुंद्रिका देवी को पराजित किया। चेरो से रिंकु देवी मुखिया चुनी गयी, उन्होंने उर्मिला देवी को पराजित किया। धनुकी से सीमा कुमारी मुखिया चुनी गयी, उन्होंने सुखती देवी को पराजित किया। इस प्रकार सरमेरा प्रखंड के सभी आठ ग्राम पंचायतों में अब मुखिया महिलाएं हीं होगी।