पटना

बिहारशरीफ: राज्य में 40 हजार प्रधानाध्यापकों की होगी नियुक्तिः शिक्षा मंत्री


      • प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कोविड की तीसरी लहर को लेकर सरकार सतर्क
      • आपदा प्रभावित लोगों की चिंता कर रही है सरकार

बिहारशरीफ (आससे)। राज्य में 40 हजार प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति की जायेगी। इसके लिए बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा परीक्षा आयोजित की जायेगी। इसके साथ ही राज्य के सरकारी विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की कमी दूर हो जायेगी। यह जानकारी बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने दी। आपदा प्रबंधन की बैठक में भाग लेने आये नालंदा के जिला प्रभारी सह शिक्षा मंत्री ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मैं मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने अपने गृहजिला का प्रभारी मंत्री मुझे बनाया।

उन्होंने कहा कि वे जिले में आपदा से हुई क्षति का समीक्षा करने आये थे। बाढ़, सुखाड़ से नालंदा के किसानों और लोगों को जो क्षति हुई है उसका आकलन किया जा रहा है। कोरोना काल में जिले के लोगों को हुई क्षति की भी समीक्षा की जा रही है। फसल क्षति बाढ़ एवं सुखाड़ से हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति सरकार करेगी।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने फैसला लिया है कि जो भी क्षति हुई है उसकी क्षतिपूर्ति दी जायेगी। संभावित कोरोना के तीसरे लहर को देखते  हुए इसका ससमय इंतजाम किया जा रहा है। जिले के अस्पतालों में ऑक्सीजन एवं दवा की व्यवस्था की जा रही है। कोरोना से मृत हुए लोगों को अनुग्रह अनुदान दिया जा रहा है, उसकी भी समीक्षा हुई है। सांसद, विधायक से विभिन्न मुद्दों पर उनकी राय ली गयी है। उन्होंने हकीकत की जानकारी दी है, जिस पर काम किया जायेगा। स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर और एएनएम की उपस्थिति रहे यह सुनिश्चित की जायेगी। जिलाधिकारी को आदेश दिया गया है कि जांच करे और लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करायें।

मंत्री ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे संयम रखे सरकार उनके प्रति सोच रही है। चाहे फसल की क्षति हुई हो या घर की बर्बादी हुई हो इसकी सूचना दें जांच कराकर हुई क्षति का मुआवजा मिलेगा। लेकिन किसी भी हाल में गलत लोगों को सरकारी राहत नहीं मिलेगी। निर्देश दिया गया है कि कोई वाजिब लोग छूटे नहीं और गैर वाजिब लोगों का नाम सूची में रहे नहीं। इसके लिए जनप्रतिनिधियों से भी सूची मांगी गयी है और उन्हें नजर रखने को कहा गया है।

मंत्री ने कहा कि प्रति एकड़ छः हजार रुपया की राहत सीधे खाते में दी जायेगी। यूरिया की कमी का मामला पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बैठक में उन्हें प्रतिनिधियों द्वारा यह जानकारी मिली है इसे जल्द ही शॉर्ट आउट कर लिया जायेगा। 45 हजार मिट्रिक टन उर्वरक की आवश्यकता है और मात्र 38 हजार मिट्रिक टन आपूर्ति हुई है। जो कमियां है उसे और पूरा कर शॉर्ट को दूर किया जायेगा।

इस अवसर पर नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रो- रामसागर सिंह, जदयू नेता शशिकांत कुमार टोनी, भाजपा नेता सुधीर कुमार आदि लोग उपस्थित थे।