पटना

बिहारशरीफ: विधान परिषद् चुनाव कल-  मतदान दल के कर्मियों को अधिकार और कर्तव्य की जानकारी देकर भेजा गया बूथों पर


प्रातः 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान जिसके लिए बनाये गये 20 बूथ जहां डालेंगे 3746 मतदाता अपना वोट

बिहारशरीफ (नालंदा)। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के बिहार विधान परिषद् के लिए सोमवार यानी कल मतदान होगा, जिसके लिए मतदान दल एवं मतदान सामग्री को संबंधित बूथों के लिए डिस्पैच किया गया। इसके पूर्व डीएम ने मतदान दल एवं पदाधिकारियों को स्थानीय टाउन हॉल में ब्रीफ कर उन्हें अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी।

बिहार विधान परिषद् चुनाव सोमवार को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा जिसके लिए सभी प्रखंड मुख्यालयों में 20 मतदान  केंद्र बनाया गया है, जहां 3746 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के एक दिन पूर्व रविवार को मतदान दल कर्मियों सामग्रियां दी गयी। स्थानीय टाउन हॉल से उन्हें डिस्पैच किया गया। मतदान दल में पीठासीन पदाधिकारी के अलावे पी-1, पी-2 तथा पी-3 कर्मी शामिल किये गये है। पीठासीन पदाधिकारी का दायित्व बीडीओ या सीओ को दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों के लिए पेंट्रोलिंग कम कलेक्शन पार्टी बनाया गया है, जिसमें वरीय पदाधिकारी को जिम्मेवारी दी गयी है।

टाउन हॉल में मतदान दल, पदाधिकारी, कर्मी एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। पदाधिकारियों को मतदान प्रक्रिया के संचालन के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गयी। अभ्यर्थियों के पोलिंग एजेंट के पहचान पत्र धारित करना अनिवार्य है। पहचान पत्र के आधार पर हीं उन्हें मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश अनुमान्य किया जायेगा। मतदान दल के कर्मियों के अलावे किसी अन्य व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन के साथ मतदान केंद्र परिसर में  प्रवेश वर्जित होगा। इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।