पटना

बिहार में 24 घंटे में तीन डिग्री लुढ़क गया पारा


पटना (आससे)। बिहार में पिछले 24 घन्टे में मौसम में व्यापक बदलाव हुआ है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो 24 घन्टे में 2.4 डिग्री पारा लुढ़का है और अब ये सिलसिला आगे जारी रहेगा। इसके साथ ही 15 दिसंबर के बाद 4 से 5 डिग्री तक पारा नीचे जाने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पूरे प्रदेश में उत्तरी पश्चिमी हवा का प्रवाह तेजी से बढ़ रहा है और पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवा की वजह से राज्य के अधिकतर शहरों में तापमान में कमी आई है।

पटना के अलावे गया, भागलपुर और पूर्णिया में अधिकतम तापमान में 2 से ढाई डिग्री गिरावट आई है. पटना के तापमान की बात करें तो पिछले 24 घन्टे में अधिकतम तापमान में ढाई डिग्री गिरावट दर्ज की गई है जबकि सबसे ज्यादा बक्सर में अधिकतम तापमान में 4.5 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार की रात से ही ठंड बढऩे के बाद लोग गर्म कपड़े में नजर आने लगे तो सडक़ों पर भी सन्नाटा दिख रहा था और सुबह से लोग धूप सेकते नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान घटकर 9 से 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा, जिसके बाद लोगों को अलाव की जरूरत पड़ सकती है।

शनिवार को पटना के अधिकतम तापमान की बात करें तो 24.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वहीं गया में अधिकतम तापमान 24 तो न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जबकि भागलपुर में अधिकतम 25.4 डिग्री तो न्यूनतम 15.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही पूर्णिया में अधिकतम तापमान 25 तो न्यूनतम 14.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।