पटना

बिहारशरीफ: विधान परिषद् चुनाव में सभी 24 सीटें हारेगी राजदः ललन सिंह


जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बिहारशरीफ में किया गया भव्य स्वागत

बिहारशरीफ। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का बिहारशरीफ के अंबेर में पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार के नेतृत्व में स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को फूल-माला पहनाकर अभिनंदन किया। वे पूर्व विधायक ई. सुनील कुमार के आवास पर गये जहां पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया।

इसी क्रम में मीडिया से बात करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव जनता को धूल झोंकने का काम कर रहे है। ये उनकी खानदानी आदत है। विधान पार्षद के चुनाव में 15 सीट पर जीत का दावा कर सरकार बनाने की बात संभव भी नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का सभी 24 सीटों पर हार होगी। पहले भी तारापुर और कुशेश्वर स्थान चुनाव जीतने का दंभ भर रहे थे लेकिन दोनों सीटें हार गये।

एक सवाल के जवाब में श्री सिंह ने कहा कि किसी बात को तोड़-मरोड़ कर पेश करना विपक्ष की आदत हो गयी है। यही वजह है कि हमारी पार्टी ऐसे अफवाहों पर विचार नहीं करती। शराबबंदी पर चर्चा करते हुए कहा कि कोई भी कानून जब बनता है तो कार्रवाई के लिए प्रावधान आता है। जैसे हत्या के लिए फांसी की सजा दी जाती है, वैसे ही अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई हो रही है।

श्री सिंह ने कहा कि नालंदा के कार्यकर्ता पार्टी के लिए समर्पित है। कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन के बदौलत पार्टी को यह सफलता मिली है और सरकार बनी है। इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रसेन प्रसाद, पार्टी के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, महानगर अध्यक्ष नदीम जफर उर्फ गुलरेज, पूर्व मेयर वीणा देवी, उपमेयर शर्मिली प्रवीण, पूर्व वार्ड पार्षद प्रमोद कुमार, राजन मुखिया, राकेश मुखिया, विनय कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद नारायण यादव, प्रदुमन कुमार, राजेश गुप्ता, पवन कुमार, अधिवक्ता संघ के पूर्व सचिव दिनेश कुमार सहित काफी संख्या में जदयू कार्यकर्ता उपस्थित थे।