पटना

बिहार की जेलों में छापेमारी, मचा हडक़ंप


 

पटना (निप्र)। बिहार के कई जेलों में एक साथ छापेमारी की गयी। छपरा और गोपालगंज में छापेमारी से कैदियों के बीच हडक़ंप मच गया। बगहा उपकारा में भी छापामारी की गयी है। गोपालगंज जेल में डीएम-एसपी के नेतृत्व में छापेमारी की गयी है जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ कई थानों की पुलिस भी शामिल थे।

इसके अलावा छपरा के मंडल कारा में भी रेड की गयी है। इस छापेमारी में डीएम और एसपी के अलावे कई थानों की पुलिस मौजूद थी। सीतामढ़ी जेल में अहले सुबह डीएम एसपी के नेतृत्व में विभिन्न वार्डों में सघन तलाशी ली गई। जिसमें दो मोबाइल, 1 सिम, एक चार्जर व चाकू बरामद किया गया। जेल के सेल, हॉस्पिटल एवं सभी वार्डों में छापेमारी की गई है। महिला वार्ड की भी जांच की गई है। जेल के अंदर लगे सीसीटीवी फंक्शन की भी जांच हुई है। वहीं भागलपुर कैंप जेल और शाहिद जुब्बा शाहनी सेंट्रल जेल में जिले के डीएम सुब्रत कुमार सेन ओर एसएसपी बाबूराम ने छापेमारी की। दोनो जेलों में सुबह 6 बजे से साढ़े आठ बजे तक सघन छापेमारी की गई।

बता दें कि इससे पहले भी फऱवरी माह में जेलों में छापेमारी की गई थी। वही नवादा मंडल कारा में बुधवार की सुबह अधिकारियों की फौज पहुंच गई। सुबह में जिलाधिकारी यशपाल मीणा, एसपी धूरत सयाली सावंलाराम समेत अन्य अधिकारियों ने छापेमारी की। जिसमें कई घंटे तक छापेमारी चलती रही। अधिकारियों ने जेल परिसर का कोना-कोना खंगाला, हालांकि कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उक्त बातो की जानकारी राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गयी है।