News TOP STORIES पटना बिहार

बिहार के नवादा में बड़ा हादसा; अवैध अभ्रक खदान धंसने से एक की मौत, दो लापता की तलाश जारी


नवादा, । बिहार के नवादा के रजौली थाना क्षेत्र की हरदिया पंचायत अंतर्गत भानेखाप में अवैध अभ्रक खदान की चाल धंसने से एक 15 वर्षीय लड़की की मौत हो गई, जबकि घटना में चार अन्य लोग फंस गए। जानकारी के अनुसार, उनमें से बचाए गए दो लोगों की हालत गंभीर हैं। वहीं, दो अन्य की तलाश की जा रही है। जौली मुख्यालय से घटनास्थल की दूरी करीब 14 किलोमीटर है। मृतकों की संख्या का वास्तविक आंकड़ा साफ नहीं हो सका है। घटनास्थल का पूरा इलाका नक्सल प्रभावित और जंगल व पहाड़ी क्षेत्र है। हादसे के शिकार सभी मजदूर चाल के अंदर घुसकर अभ्रक निकालने के काम में सुबह पहुंचे थे। स्थानीय थाना की ओर से कोई जानकारी नहीं दी जा रही है। रजौली क्षेत्र में वर्षों से अवैध अभ्रक का खनन किया जा रहा है। इस तरह के हादसे पूर्व में भी हो चुके हैं। रजौली के एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने कहा कि पुलिस की टीम घटनास्थल की ओर गई है। उनके लौट कर आने के बाद ही कोई सही जानकारी दी जा सकती है।

एक युवती की मौत, दो अन्‍य की हालत गंभीर

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की सुबह पांच लोग अवैध अभ्रक खदान से अभ्रक निकालने गए थे। इसी दौरान चाल धंस गयी। इसमें एक युवती की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद दो लोगों को निकाला गया जिनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। दोनों घायलों को जिन्हें तिलैया अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, दो अन्य लोगों की खोजबीन की जा रही है।