News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार

बिहार के बेगूसराय गोलीकांड का कुछ देर बाद राज खोलेगी पुलिस, इंतजार जारी


पटना, : बिहार का बेगूसराय मंगलवार की शाम चार अपराधियों द्वारा 40 किलोमीटर तक सड़क पर अंधाधुंध फायरिंग (Indiscriminate Firing) से दहल उठा था। बेगूसराय से पटना तक करीब 40 मिनट तक हुई इस गोलीबारी (Begusarai Shootout) में एक की मौत हो गई। जबकि, 10 अन्‍य घायल हो गए। घटना के बाद उसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया। पुलिस ने भी संदिग्‍धों की तस्‍वीरें जारी कीं। इस बीच राजनीति भी खूब गर्म रही।

अंतत: घटना के करीब 50 घंटे बाद तबाही के सभी आरोपित पकड़ लिए गए। उनमें शामिल बेगूसराय का कुख्‍यात केशव कुमार उर्फ नागा जमुई के झाझा स्टेशन से मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ रांची भागने के क्रम में गिरफ्तार किया गया। इसके पहले अन्य आरोपित सुमित, युवराज व अर्जुन भी पकड़े जा चुके थे। अब इस मामले में बेगूसराय के एसपी कुछ ही  देर में बड़ी जानकारी देने जा रहे हैं। इस मामले में पल-पल के अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।

  • 02:38 PM, 16 Sep 2022

    कांड के मृतक के स्‍वजनों को अब न्‍याय का इंतजार

    गोलीबारी में मारे गए बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र के पीपरा हाजीपुर देवस निवासी चंदन के स्वजनों में न्याय की आस जग गई है। वे भी घटना के कारण के खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।

  • 02:34 PM, 16 Sep 2022

    कांड के पर्दाफाश का देश कर रहा इंतजार

    बेगूसराय गोलीबारी मामले का एसपी दोपहर तीन बजे पर्दाफाश करने वाले हैं। इसका इंतजार जिलेवासियों के साथ पूरे बिहार व देश के लोग कर रहे हैं। यह बिहार में अपने तरह की पहली घटना है। देश में भी ऐसी घटना शायद ही हुई हो।

  • 02:32 PM, 16 Sep 2022

    गोलीकांड के एक आरोपित व मृतक के घर एक ही गांव में

    गोलीकांड के एक आरोपित का घर उसी गांव में है, जहां गोलीबारी के शिकार मृतक का घर है। शेष 10 घायल दूसरी जगहों के हैं। ऐसे में कुछ लोग मान रहे हैं कि संभवत: अपराधियों ने किसी रंजिश में हत्‍या के बाद बाइक से भागने के क्रम में सड़क पर दहशत फैलाने के लिए लोगों पर फायरिंग की हो। हालांकि, असली कारण का खुलासा तो एसपी ही करेंगे।

  • 02:18 PM, 16 Sep 2022

    गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी से लोगों में राहत

    गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी से बेगूसराय के लोगों में राहत है। इसके पहले कई लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज कर रहे थे। खासकर बच्‍चों को बाहर नहीं भेज रहे थे।

  • 02:11 PM, 16 Sep 2022

    एसपी ने संवाददाता सम्‍मेलन का समय बढ़ाया, अब तीन बजे देंगे जानकारी

    बेगूसराय गोली कांड में एसपी योगेंद्र कुमार ने बढ़ा दिया संवाददाता सम्‍मेलन का समय। अब वे 2.30 बजे के बदले तीन बजे मीडिया से मुखातिब होंगे। एसपी योगेंद्र कुमार जब से बेगूसराय में हैं, हमेशा संवाददाता सम्‍मेलन का पूर्व निर्धारित समय बढ़ाते रहे हैं।

  • 02:03 PM, 16 Sep 2022

    बीजेपी बोली: मेरे दबाव में पुलिस ने किया कांड का उद्भेदन

    बेगूसराय गोलीकांड को लेकर बीजेपी ने कानून-व्‍यवस्‍था पर सवाल उठाए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बीजेपी के राज्‍यसभा सदस्‍य सुशील मोदी सहित कई नेताओं ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने निशाने पर लिया। अब बीजेपी कह रही है कि उसके दबाव में पुलिस ने कांड का उद्भेदन किया है।

  • 01:40 PM, 16 Sep 2022

    बेगूसराय गोलीकांड के खुलासे का इंतजार जारी

    बेगूसराय गोलीकांड के खुलासे का इंतजार जारी है। इसे लेकर लोगों में उत्‍सुकता बनी हुई है। एसपी अपराह्न 2.30 बजे इस मामले में संवाददाताओं से मुखातिब होने वाले हैं।

  • 01:21 PM, 16 Sep 2022

    आरोपितों को घटनास्थल पर ले गई पुलिस, क्राइम सीन कराया रीक्रियेट

    घटना के आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्‍हें एक घटनास्थल पर ले गई तथा क्राइम सीन रीक्रियेट कराया। यह घटनास्‍थल गोधना गांव के समीप स्थित है।

  • 12:42 PM, 16 Sep 2022

    एसपी के दावे की खुली पोल, सवाल यह कि कहां छिपे थे आरोपित

    घटना के बाद करीब 50 घंटे तक चारों आरोपित कहां छिपे थे, यह सवाल खड़ा है। एसपी ने इस मामले में बाइक सवार अपराधियों के जिले में ही छिपने की बात कही थी, लेकिन एक के जमुई के झाझा से गिरफ्तार किए जाने से उनके दावे पर सवाल उठ गए हैं।

  • 12:09 PM, 16 Sep 2022

    गोलीबारी में मृत युवक व एक गिरफ्तार आरापित एक ही गांव के

    बेगूसराय गोली कांड में गिरफ्तार चार आरोपितों में सुमित कुमार, युवराज, केशव उर्फ नागा और अर्जुन को शामिल हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक केवल बीहट वार्ड 16 निवासी नागा को झाझा से गिरफ्तार किए जाने की बात ही स्‍वीकारी है। सुमित कुमार बेगूसराय के फुलवरिया थाना क्षेत्र के हाजीपुर का रहने वाला है। बीते मंगलवार को जिस चंदन कुमार की हत्या हुई थी, वह भी हाजीपुर का ही निवासी था।

  • 11:49 AM, 16 Sep 2022

    दो दिनों से जारी थी तलाश, पुलिस ने जारी की थी संदिग्‍धों की तस्‍वीरें

    घटना के अगले दिन बुधवार को पुलिस ने दो बाइक पर सवार चार संदिग्धों की तस्‍वीरें जारी कीं। इसके पहले घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुका था। पुलिस ने आमलोगों से संदिग्‍धों की पहचान में मदद की अपील की। साथ ही उन्‍हें पकड़वाने पर 50 हजार का इनाम देने की घोषणा भी की। बताया जा रहा है कि इसके बाद लोगों से मिली सूचना के आधार पर सभी आरोपित पकड़ लिए गए। पहले सुमित, युवराज व अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनसे मिली जानकारी के आधार पर केशव कुमार उर्फ नागा को जमुई के झाझा स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।

  •  

    आज अपराह्न काल में एसपी करेंगे साजिश का खुलासा

    कांड के सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद अब उनसे पूछताछ की जा रही है। अभी तक की जानकारी के अनुसार आज अपराह्न 2.30 बजे एसपी योगेंद्र कुमार गोलीकांड की साजिश की जानकारी देंगे।

  • बेगूसराय गोलीकांड के सभी चार आरोपित गिरफ्तार

    मंगलवार को बेगूसराय से पटना तक करीब 40 किमी तक बाइक सवार चार अपराधियों ने अंधाधुध फायरिंग की। इसमें एक व्‍यक्ति की मौत हो गई। 10 अन्‍य घायलों का इलाज चल रहा है। घटना के करीब 50 घंटे बाद सभी आरोपित गिरु्तार कर लिए गए हैं।