News TOP STORIES पटना बिहार

बिहार पंचायत मुखिया चुनाव: नवादा में तीन फर्जी वोटर धराए, खगड़िया में रामविलास पासवान की पहली पत्‍नी ने डाला वोट


पटना, । बिहार के 35 जिलों की 875 पंचायतों में आज पंचायत चुनाव के नौवें चरण का मतदान (Panchayat Chunav 9th. Phase Voting) अब तेज होता दिख रहा है। बूथों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होती दिख रहीं हैं। नवादा में तीन फर्जी वोटर पकड़े गए हैं। मतदान के दौरान नालंदा के हिलसा में गोलीबारी में एक युवक  घायल हो गया है। खगड़िया के अलौली की शहरबन्नी पंचायत में रामविलास पासवान की प्रथम पत्नी राजकुमारी देवी ने मतदान किया। इसके पहले देर रात पूर्वी चंपारण के हरसिद्ध में मतदाताओं को धमकाने और प्रभावित करने के प्रयास के तहत हसुआहां मानिकपुर पंचायत में मुखिया राजेन्द्र पांडेय के भाई ने सरेया गांव में ददन प्रसाद के घर में देर रात घुसकर मारपीट कर बंधक बना लिया। मतदान के लिए बनाए गए 7,754 बूथों (Polling Booths) में से 554 नक्सल प्रभावित (Naxal Affected Booths) हैं। इस कारण नौवें चरण में सुरक्षाबलों (Security Forces) की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। विदित हो कि बिहार पंचायत चुनाव का मतदान 11 चरणों में हो रहा है। आज के बाद दो चरण के मतदान शेष रह जाएंगे। नौवें चरण की मतगणना 01 व 02 दिसंबर को होगी।

LIVE Bihar Panchayat Mukhiya Chunav 9th Phase Voting Update: 

12:45 PM- नवादा के नरहट प्रखंड के बनिया बिगहा में दो फर्जी वोटर पकड़े गए हैं। बताया जा रहा है कि रंजन कुमार और कृष्ण कुमार फर्जी वोटर पहचान पत्र लेकर मतदान करने पहुंचे थे। इधर वाजितपुर में एक युवक नीतीश कुमार को भी फर्जी वोटर के रूप में पकड़ कर थाना भेज गया है।

12:40 PM- शिवहर में अभी तक करीब 28 प्रतिशत मतदान हो चुका है। जिले के 147 बूथों पर वोटरों की कतारें लगी हुईं हैं। राज्‍य के अन्‍य जिलों में भी मतदान की गति तेज हो चुकी है।

12:20 PM- दरभंगा जिले के हनुमानगर प्रखंड में अभी तक करीब 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है। उधर, मधुबनी के बेनीपट्टी व लौकही में करीब 24 प्रतिशत मतदान हो चुका है। ठंड के कारण आरंभिक दौर में बूथों पर भीड़ कम रही, लेकिन धूप खिलने के साथ बूथों पर मतदान की गति तेज हो गई है।

12.05 PM- पंचायत चुनाव के नौवें चरण की वोटिंग के दौरान बूथों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। महिलाएं गांव की सरकार चुनने में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।

11:20 AM- पंचायत चुनाव के दौरान नालंदा के हिलसा की जूनियार पंचायत स्थित गुलनी गांव में गोलीबारी की घटना हुई है। इसमें एक युवक  घायल बताया जा रहा है। उसे पटना रेफर कर दिया गया है।

11:07 AM- खगड़िया के अलौली प्रखंड में रामविलास पासवान की पैतृक पंचायत शहरबन्नी भी है। वहां बूथ संख्या 153 पर रामविलास पासवान की प्रथम पत्नी राजकुमारी देवी ने मतदान किया। राजकुमारी देवी अपने रिश्ते में भतीजे साधु पासवान के साथ बूथ पहुंची और मतदान किया।

10:55 AM- शेखपुरा के अरियरी के ससबहना कभी लाल इलाका जाना जाता था। यहां चुनाव महिला कमांडो की तैनाती के बीच कराया जा रहा है। अरियरी प्रखंड की 10 पंचायतों में कड़ी सुरक्षा के बीच पंचायत चुनाव का मतदान शुरू। सुबह साढ़े 7 बजे ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार देखी गई। खासकर प्रखंड की हॉट मानी जाने वाली पंचायतों में सुबह से ही मतदाता वोट देने के लिए घरों से निकल पड़े।

10:00 AM- पंचायत चुनाव की वोटिंग में ठंढ का असर नहीं दिख रहा है।सभी बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगातार लंबी होती जा रहीं हैं। हर उम्र के मतदाता बूथों पर पहुंच रहे हैं। पूर्वी चंपारण के अरेराज प्रखंड की चटिया चिंतामनपुर पंचायत के बूथ संख्या 21 पर 105 साल की बुजुर्ग महिला भी वोट देने आईं।

09:30 AM- पूर्वी चंपारण के तीन प्रखंडों के 685 बूथों पर सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। इस दौरान हरसिद्धि प्रखंड की ओल्हा मेहता टोला पंचायत के बूथ संख्या 258 पर ईवीएम खराब हो जाने के कारण मतदान बाधित हुआ। इसी प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 240 पर पर भी ईवीएम खराब होने की शिकायत मिली। प्राथमिक विद्यालय दनहीं के बूथ पर भी वार्ड सदस्य को वोट देने वाली मशीन खराब रहने के कारण मतदान बाधित रहा। बूथ संख्या 203 पर पंचायत समिति की भी ईवीएम खराब मिली।

09:20 AM- पूर्वी चंपारण के हरसिद्ध में मतदान की पूर्व संध्या मतदाताओं को धमकाने और प्रभावित करने के खूब प्रयास किए गए। हरसिद्धि प्रखंड क्षेत्र की हसुआहां मानिकपुर पंचायत में मुखिया राजेन्द्र पांडेय के भाई ने सरेया गांव में ददन प्रसाद के घर में देर रात घुसकर मारपीट की एवं घर में बंद कर बंधक बना लिया। ग्रामीणों के विरोध को देखकर बंधक को छोड़ दिया।

09:06 AM- बांका जिले के नक्सल प्रभावित चांदन और फुल्लीडुमर प्रखंडों में मतदान अपराह्न तीन बजे तक ही होगा। चांदन की 17 पंचायतों में 1760 और फुल्लीडुमर की 11 पंचायतों में 1371 उम्मीदवार हैं। दोनों प्रखंडों में पांच लेयर की सुरक्षा व्‍यवस्‍था का दावा एसपी अरविंद कुमार गुप्ता ने किया है।