News TOP STORIES नयी दिल्ली पटना बिहार

बिहार पंचायत, मुखिया चुनाव: गाेपालगंज में पुलिस पर पथराव, लाठीचार्ज


पंचायत चुनाव की वोटिंग के दौरान लखीसराय व वैशाली में प्रत्‍याशियों के समर्थक भिड़ गए। गाेपालगंज में पुलिस व प्रशासन के वाहनों पर पथराव किया गया। जिला पार्षद मुखिया पंचायत समिति सदस्‍य वार्ड सदस्‍य सरपंच व पंच के पदों के लिए मतदान जारी है।

पटना,। पंचायत चुनाव के छठे चरण के मतदान के दौरान लखीसराय, मधेपुरा व वैशाली में प्रत्‍याशियों के समर्थकों में जमकर मारपीट हुई। उधर, गाेपालगंज में भीड़ ने पुलिस-प्रशासन के वाहनों पर पथराव किया है। शुरुआती दौर में कई जगह ईवीएम खराब मिले। हालांकि, उन्‍हें जल्‍द ही ठीक कर लिया गया। ईवीएम खराब रहने के कारण रोहतास के नासरीगंज मध्य विद्यालय इटिमहा के बूथ संख्‍या 89 पर मतदाता हंगामा पर उतर आए। राज्‍य के 37 जिलों के 57 प्रखंडों में जिला पार्षद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्‍य, वार्ड सदस्‍य, सरपंच व पंच के पदों के मतदान के लिए मतदाताओं की कतारें लंबी दिखने लगीं हैं। मतदान का हाल जानने के लिए बने रहिए हमारे साथ।

11:48 PM- आरजेडी विधायक अनंत सिंह के पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित नदवां में मुखिया से लेकर पंचायत समिति सदस्‍य, सरपंच, पंच, वार्ड सदस्‍य सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। मंजू देवी लगातार दूसरी बार मुखिया चुनी गईं हैं। वे अनंत सिंह के करीबी विवेका पहलवान के भाई  कमलेश पहलवान की पत्‍नी हैं।

12:30 PM- मधेपुरा के कुमारखंड की रामनगर महेश पंचायत के उर्दू प्राथमिक विद्यालय पोखरिया में रुपये देकर मतदान  कराने के विवाद में दो वार्ड सदस्य प्रत्‍याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के कारण एक घंटा तक मतदान प्रभावित रहा।

12:15 PM- कटिहार के बरारी के बूथ संख्या 272 पर सेमापुर ओपी अध्यक्ष विजेंद्र कुमार ने पीवन जुनेर आलम को थप्पड़ जड़ दिया। बताया जाता है कि एक पीठासीन पदाधिकारी के पास मोबाइल देखकर ओपी अध्यक्ष ने थप्पड़ मार दिया। घटना के विरोध में मतदानकर्मियों ने मतदान को ठप कर दिया। बाद में अंचलाधिकारी ने आक्रोशित मतदान कर्मियों को समझा-बुझाकर मतदान आरंभ कराया।

11:40 PM- वैशाली जिले के राजापाकड़ में ईवीएम खराब होने के बाद देरी होने पर कतार में खड़े मतदाताओं ने हंगामा कर दिया। कुछ उपद्रवियों ने बूथ के अंदर जाकर ईवीएम को जमीन पर पटक दिया। इससे ईवीएम क्षतिग्रस्‍त हो गई। क्षतिग्रस्‍त ईवीएम का वीडियो सामने आया है। एसपी ने बताया कि उपद्रवियों को चिह्न‍ित कर कार्रवाई की जाएगी। उन्‍होंने बताया कि प्रशासन के स्‍तर से वहां दूसरी ईवीएम लगाकर मतदान शुरू कराया जा रहा है।

11:24 PM- पूर्णिया की हरदा पंचायत के बूथ नंबर एक पर मतदाताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई है। घटना के कुछ देर बाद स्थिति नियंत्रण में कर ली गई। फिलहाल, वहां सबकुछ सामान्‍य है।

11:13 AM- हाजीपुर के राजापकड़ में बूथ 147 पर दो मुखिया प्रत्‍याशियों के समर्थक आपस में उलझ पड़े। इस दौरान ईवीएम भी तोड़े जाने की खबर फैली। हालांकि, वैशाली के एसपी ने इससे इनकार किया है। स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

11:00 AM- मधुबनी के बाबूबरही में बूथ संख्या 98 (जन उच्च वि, बाबूबरही) पर स्वजनों के कंधे पर पहुंचे 101बर्षीय फुसियाही राय ने वोट डाला। राज्‍य के अन्‍य बूथों पर भी हर उम्र के लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं। इनमें दिव्‍यांग मतदाता भी शामिल हैं।

10:45 AM- गया के नक्सल प्रभावित तीन प्रखंडों के 414 बूथों पर मतदान जारी। गया के आमस, शेरघाटी व बांके बाजार प्रखंडों में मतदान हो रहा है। सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। महिला मतदाता भी बढ़-चढ़कर वोटिंग करने के लिए घरों से निकली हैं।

10:30 AM- सिवान के बड़हरिया के सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान जारी है। महिला मतदाताओ में भारी उत्साह है। सुबह नौ बजे तक कुल 8.08 प्रतिशत मतदान किया जा चुका था।

10:14 AM- मतदान को लेकर बूथों पर कतारें लगातार लंबी होती दिख रहीं हैं तो शिवहर सहित कई जगह सड़कें सूनी दिख रहीं हैं। शिवहर के बसंतपट्टी- पुरनहिया पथ पर सुबह से ही आवागमन कम दिख रहा है।

10:00 AM- वैशाली में ईवीएम में खराबी से मतदान प्रभावित

वैशाली जिले के राजापाकर एवं वैशाली प्रखंड में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। कई बूथों पर ईवीएम मे तकनीकी गड़बड़ी को लेकर कुछ देर के लिए मतदान प्रभावित हुआ। वैशाली प्रखंड के चकपितांबर सामुदायिक भवन स्थित बूथ पर करीब 8.30 बजे ईवीएम खराब हो गया। करीब आधे घंटे बाद सेक्टर मजिस्ट्रेट में मौके पर पहुंचकर ईवीएम को ठीक करा दिया। बूथ संख्या 230 पर भी कुछ देर के लिए ईवीएम में खराबी को लेकर मतदान प्रभावित हुआ।

09:48 AM- लखीसराय प्रखंड की बिलोरी पंचायत के मध्य विद्यालय बिलोरी के बूथ पर मुखिया प्रत्‍याशियों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई है। बिलोरी पंचायत की निवर्तमान मुखिया बबीता देवी के पति संजीव कुमार और सहयोगी सूरज कुमार की पिटाई कर उन्‍हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

09:40 AM- पटना जिले के मसौढ़ी प्रखंड की देवरिया पंचायत के बूथ संख्या- 13 पर ईवीएम मे आई खराबी से आधे घंटे मतदान बाधित रहा। मतदान केंद्र पर पर्याप्‍त संख्‍या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। मुंगेर के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड में पंचायत चुनाव को लेकर आधी आबादी में काफी उत्साह है। घर की दहलीज लांग कर बहू और बेटियां घूंघट में वोट देने के लिए मतदान केंद्र पहुंची। मतदान को लेकर सुबह से ही महिलाओं में उत्साह दिख रहा है।

09:15 AM- रोहतास जिले के नोखा व नासरीगंज प्रखंडों की 25 पंचायतों में 349 बूथों पर मतदान हो रहा है। नासरीगंज के मध्य विद्यालय इटिमहा के बूथ 89 पर ईवीएम खराब होने से कतार में लगे मतदाताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची एसडीएम प्रियंका रानी ने मामले को शांत करा दूसरे ईवीएम से मतदान शुरू कराया। इस दौरान लगभग एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।

09:05 AM- मुंगेर के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड में पंचायत चुनाव के मतदान को लेकर सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त है। वोटरों में भी उत्साह दिख रहा है। यहां विभिन्न पदों पर खड़े 1258 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम और बैलट बाक्स में कैद हो रही है।

08:45 AM- पूर्वी चंपारण जिले के दो प्रखंडों चकिया व कल्याणपुर में मतदान के दौरान अभी तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें मिलीं, जिन्‍हें दुरुस्त कर लिया गया है। चकिया व कल्याणपुर प्रखंड के 575 बूथों पर वोटिंग हो रही है। बोगस वोटिंग रोकने के लिए सभी बूथों पर बायोमेट्रिक मशीन भी लगाई गई है।

08:30 AM- मधुबनी के दो प्रखंडों बाबूबरही एवं अंधराठाढ़ी में कुल 530 बूथों पर बुधवार की सुबह सात बजे से मतदान जारी है। बाबूबरही में 278 एवं अंधराठाढ़ी में 252 बूथों पर मतदान हो रहा है। बूथों के दो सौ मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू किया गया है। दोनों प्रखंडों में कुल 3,655 प्रत्‍याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

08:15 AM- मुंगेर के नक्सल प्रभावित धरहरा प्रखंड में पंचायत चुनाव का मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है। मतदान के लिए बड़ी तादाद में महिलाएं पहुंच रहीं हैं। बूथों पर वाेटरों की लंबी कतारें लगी हुईं हैं। 08:05 AM- लखीसराय की 10 पंचायतों में मतदान जारी है। 156 बूथों पर 967 प्रत्‍याशियों के भाग्य का फैसला 85,698 वोटर कर रहे हैं। मतदान के लिए प्रखंड को 20 सेक्टर, 10 जोन और दो सुपर जोन बनाए गए हैं।

07:58 AM- पश्चिम चंपारण के रामनगर प्रखंड में कुछ बूथों पर ईवीएम की गड़बड़ी सामने आई है। नक्सल प्रभावित होने के कारण यहां मतदान तीन बजे तक ही होगा। एसडीम दीपक मिश्र ने बताया कि सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है।

07:40 AM- छठे चरण में प्रत्‍याशियों की बात करें तो वार्ड सदस्य के लिए 53,192, मुखिया के लिए 6,976, पंचायत समिति सदस्य के लिए, जिला परिषद सदस्य के लिए 1,378, पंच के लिए 19,633और सरपंच के लिए 5,165 प्रत्‍याशी मैदान में हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच मतदान कर आरंभिक चरण अभी तक शांतिपूर्ण है।

07:30 AM- बांका के बाराहाट की 15 पंचायतों में मतदान शुरू

बांका के बाराहाट प्रखंड में एक लाख से अधिक मतदाता हैं। वे जिला परिषद सदस्‍य व मुखिया सहित आधा दर्जन पदों के 1800 सौ से अधिक उम्मीदवारों की किस्‍मत का फैसला कर रहे हैं। चुनाव को लेकर जिले की बिहार झारखंड सीमा को सील कर दिया गया है।

07:15 AM- पश्चिम चंपारण के लौरिया प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 202 पर सुबह से ही मतदाता कतार में लगे हुए हैं। बगहा के रामनगर और देवराज में भी बूथों पर कतारें लंबी होती दिख रहीं हैं। यही स्थिति पूरे बिहार की है। राज्‍य के 11959 बूथों पर लोगों का आना लगातार जारी है।

07:03 AM- पंचायत चुनाव के छठे चरण की वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हो चुकी है। हालांकि, कुछ बूथों पर तकनीकी दिक्‍कतों के कारण मतदान में विलंब होता दिख रहा है। इस बीच बूथों पर मतदाताओं की कतारें लंबी होती जा रहीं हैं।

06:25 AM- मतदान के लिए बिहार के 37 जिलों के 57 प्रखंडों की 848 पंचायतों में 11,959 बूथ बनाए गए हैं। आज का मतदान 26200 सीटों के लिए हो रहा है, जिनमें पंचायत सदस्य के 11,592, मुखिया के 848, पंचायत समिति सदस्य के 1,186, जिला परिषद सदस्य के 134, पंच के 11,592 और सरपंच के 848 सीटें शामिल हैं। इस चरण में कुल 94,188 प्रत्‍याशी हैं।

06:03 AM- बिहार के 37 जिलों में आज पंचायत चुनाव के छठे चरण का मतदान सुबह सात बजे आरंभ होगा। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। शाम पांच बजे तक लाइन में लग चुके मतदाताओं को वोट देने का मौका दिया जाएगा। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।