News TOP STORIES पटना बिहार

बिहार पंचायत, मुखिया रिजल्‍ट: सिवान में मुखिया का चुनाव हारे विधायक के बेटे


पटना, । बिहार पंचायत चुनाव के आठवें चरण की मतगणना जारी है। मतगणना शुरू होने के एक घंटे बाद से ही नतीजे आने लगे हैं। अभी तक की बात करें तो कई सिटिंग उम्‍मीदवार हार गए हैं। मतगणना में 25 हजार 247 सीटों के लिए 92,376 उम्मीदवारों की किस्‍मत का फैसला होगा। इसके पहले आठवें चरण में 3,356 उम्‍मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। बीते बुधवार को राज्‍य के 36 जिलों के 55 प्रखंडों में आठवें चरण के मतदान में 62 प्रतिशत वोट पड़े थे। मतगणना की पल-पल की जानकारी के लिए लगातार बने रहिए हमारे साथ।

12:34 PM- वैशाली के महुआ प्रखंड में अब तक घोषित दो पंचायतों के चुनाव में दोनों पुराने मुखिया हार गए हैं। मधौल पंचायत से जवाहर राय चुनाव जीते, वहीं निवर्तमान मुखिया तीसरे स्थान पर रहे। मंगुराही पंचायत में पूर्व मुखिया को हार का सामना करना पड़ा। वहां आरजेडी नेता प्रदीप यादव की पत्नी निर्मला देवी ने जीत दर्ज की। मंगुराही पंचायत से समिति सदस्य पद पर श्यामसुंदर चौधरी ने दोबारा जीत दर्ज की। जिला परिषद क्षेत्र संख्या 16 से मनीष शुक्ला आगे चल रहे हैं।

12:30 PM- सिवान के रघुनाथपुर की कुशहरा पंचायत से चंदन कुमार पाठक रघुनाथपुर के विधायक  हरिशंकर यादव के पुत्र सुरेंद्र यादव को हराकर मुखिया बने। विधायक परिवार का मुखिया पद पर 42 साल से कब्जा था।

12:20 PM- बक्सर की डिहरी पंचायत से शमीम अंसारी उर्फ कल्लू मुखिया बने। चौसा से जिला परिषद सदस्य पद पर पूजा देवी की जीत। बेगूसराय के मटिहानी से जिला परिषद चुनाव में झुंना सिंह जीते। बेगूसराय की मटिहानी रामदीरी तीन पंचायत से कांग्रेस नेता अभय कुमार सिंह के भाई की पत्नी अनुपम देवी चुनाव जीत गईं हैं।

12:18 PM- शिवहर में तीन में से दो मुखियों की गई कुर्सी, एक ने बनाई जीत की हैट्रिक। तरियानी प्रखंड की आठ सीटों के लिए मतगणना जारी है। तरियानी प्रखंड की हिरौता दुम्मा पंचायत से मुखिया पद पर पंकज कुमार ने जीत दर्ज की है। माधोपुर छाता से मुखिया पद पर नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है। सलेमपुर पंचायत से पूर्व मुखिया मनोज कुमार की पत्नी और निवर्तमान मुखिया अंजली कुमारी ने जीत की हैट्रिक बनाई है। इधर, जिला परिषद सीट से पूर्व अध्यक्ष व निवर्तमान जिला पार्षद मनीष कुमार ने एक बार फिर जीत दर्ज की है।

12:15 PM- शिवहर के तरियानी प्रखंड के सलेमपुर पंचायत से निवर्तमान मुखिया अंजली देवी ने बनाई जीत की हैट्रिक। मोतिहारी सदर प्रखंड की बरवा पंचायत से मुखिया पद पर सीमा देवी चुनाव जीतीं।

11.52 AM- सिवान में विधायक हरिशंकर यादव के बेटे को हराकर कुशहरा पंचायत से चंदन पाठक बने  मुखिया।

11.45 AM- पटना के पंडारक प्रखंड की लेमुआबाद पंचायत से निक्की देवी ने मुखिया पद का चुनाव जीत लिया है।

11:23 AM- पटना के बाढ़ प्रखंड की भटगांव पंचायत से ज्योति सक्सेना मुखिया पद पर निर्वाचित। बेतिया की सिसवा भूमिहार पंचायत से रीना देवी की मुखिया पद पर जीत हुई है।

11:15 AM- जमुई के खैरा प्रखंड की बानपुर पंचायत से डा. इबरार मुखिया का चुनाव जीते। जिले में पहली बार चिकित्सा सेवा से जुड़ा व्यक्ति मुखिया पद पर निर्वाचित हुआ है। निवर्तमान मुखिया सबीना खातून तीसरे नंबर पर रहीं।

11:13 AM- मधुबनी के झंझारपुर एवं लखनौर से भी आने लगे परिणाम। झंझारपुर प्रखंड की काको पंचायत से विदेशी राम ने मुखिया पद पर जीत दर्ज की है। संतनगर पंचायत से मुखिया पद पर आरती देवी एवं कोठिया पंचायत से मुखिया पद पर मो. शाकिर अंसारी ने जीत दर्ज की है। जबकि, लखनौर प्रखंड की बेहट उत्तरी से सीमा देवी मुखिया निर्वाचित हुईं हैं। बेहट दक्षिणी पंचायत से आरती देवी निर्वाचित।

11:00 AM- आरा सदर प्रखंड की अगर सण्डा पंचायत से दोबारा राजकोकिल प्रसाद मुखिया बने। नवादा के नारदीगंज प्रखंड की हड़िया पंचायत से अजय पंडित विजयी। नवादा के सदर प्रखंड की खरांठ पंचायत से रंजू देवी पति सुधीर यादव विजयी।

10:50 AM- कटिहार के आजमनगर की निमोल पंचायत से कुलसुम बेगम मुखिया का चुनाव जीतीं। अररिया के पलासी प्रखंड की धर्मगंज पंचायत से अजमेरी खातून, पिपरा बिजवार से महजबी खातून, कलियागंज पंचायत से नेहा देवी एवं दिघली पंचायत से समद अली मुखिया निर्वाचित। बांका के बरवासिनी से कमलेश कुमार मुखिया बने।

10:43 AM- अररिया के पलासी प्रखंड की धर्मगंज पंचायत से अजमेरी खातून नई मुखिया निर्वाचित।पिपरा बिजवार से महजबी खातून की जीत। कलियागंज पंचायत से नेहा देवी मुखिया निर्वाचित। दिघली पंचायत से समद अली मुखिया निर्वाचित। शिवहर के तरियानी प्रखंड की हिंरौता दुम्मा पंचायत से मुखिया पद पर पंकज कुमार जीते। उन्‍होंने निवर्तमान मुखिया रणजीत कुमार को दी शिकस्त।