पटना

बिहार में और बढ़ेगी ठंड, पटना का तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस


पटना (आससे)। बीते 24 घंटे में राजधानी समेत राज्य भर में मौसम शुष्क बना रहा। वहीं, रात के तापमान में हल्की गिरावट भी देखी गई। पटना मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जबकि राज्य का अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र से जारी बुलेटिन के अनुसार, छपरा का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री, पटना में 10.5 डिग्री, गया में 13.1 डिग्री, भागलपुर में 12.8 डिग्री, पूर्णिया में 12.9 डिग्री, बाल्मीकी नगर में 10.6 डिग्री, मुजफरपुर व दरभंगा में 13 डिग्री, सुपौल में 13.9 डिग्री, फारबिसगंज में 10.5 डिग्री, मोतिहारी में 11.6 डिग्री, गोपालगंज में 11.3 डिग्री, जीरादेई में 12.4 डिग्री, समस्तीपुर में 11 डिग्री और सहरसा में 13.3 डिग्री दर्ज किया गया।

अगले दो दिनों तक (24 से 48 घंटे) राज्य भर में मौसम साफ रहेगा। उधर, मौसम के आंकड़ों के अनुसार चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पश्चिमी बिहार में और अन्य इलाकों में समुद्र तल के सतह से 1.5 किमी तक बना हुआ है। पछुआ हवा के प्रवाह के कारण आसमान साफ होगा, जबकि रात के तापमान में तीन डिग्री तक गिरावट की संभावना है। मौसम के उपग्रहीय विश्लेषण से ज्ञात हुआ है कि चार जनवरी तक न्यूनतम तापमान आठ डिग्री और अधिकतम तापमान 20 से 24 डिग्री के बीच बने रहने की संभावना मौसम विज्ञान केंद्र ने जताई है।