पटना

बिहार में बढ़ रही देसी-विदेशी पर्यटकों की संख्या : तारकिशोर


विधान सभा में बिहार विनियोग विधेयक पारित

पटना (आससे)। बिहार में देसी-विदेशी पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए २५१ करोड़ रुपये खर्च किये जा रहे हैं। यह दावा आज डिप्टी सीएम सह वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद सिंह ने किया। वे विधानसभा में बुधवार को बिहार विनियोग विधेयक पर बजट प्रस्ताव पेश कर रहे थे।

इस पर राजद के ललित यादव ने कटौती प्रस्ताव लाया था। हालांकि उनका कटौती प्रस्ताव ध्वनिमत से खारिज हो गया। कटौती प्रस्ताव के विरोध में विपक्ष सदन से खारिज हो गया। कटौती प्रस्ताव के विरोध में विपक्ष सदन से वाकआऊट कर गया।

डिप्टी सीएम ने कहा कि करोना काल में भी बिहार में राजस्व संग्रह बढ़ा। बिहार में साढ़े आठ गुणा राजस्व संग्रह बढ़ा है, वहीं जीएसजीपी में भी ४२ प्रतिशत की वृद्धि हुयी है। उन्होंने विपक्ष के विरोध के बीच कहा कि सरकार में कुछ भी नहीं छुपा है, न आगे छुपाया जायेगा। उन्होंने कहा कि विनियोग मांगों पर नेता प्रतिपक्ष ने कई सवाल किये, सबका सार्थक जवाब दिया गया।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष विनियोग बजट में आठ प्रतिशत वृद्धि हो रही है। बिहार बटवारे के पहले बजट में डेढ़ गुणा ही वृद्धि होती थी, किंतु झारखंड बनने के बाद बिहार के विनियोग बजट में निरंतर वृद्धि हो रही है। बजट का वित्तीय आकार ही नहीं बढ़ा, बल्कि उसकी गुणवत्ता भी बढ़ी है। बिहार का योजना व्यय लगातार बढ़ रहा है। आज बिहार के योजना व्यय में ४६ प्रतिशत की वृद्धि हुयी है।